Homeराज्यउत्तर प्रदेशराज्य सरकार की ‘ट्रेस, टेस्ट एण्ड ट्रीट’ की नीति कोविड नियंत्रण में...

राज्य सरकार की ‘ट्रेस, टेस्ट एण्ड ट्रीट’ की नीति कोविड नियंत्रण में उपयोगी सिद्ध हो रही है : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य सरकार की ‘ट्रेस, टेस्ट एण्ड ट्रीट’ की नीति कोविड नियंत्रण में उपयोगी सिद्ध हो रही है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की पॉजिटिविटी दर में लगातार कमी एवं रिकवरी दर में निरन्तर वृद्धि हो रही है। उन्होंने कोविड-19 से बचाव और उपचार की व्यवस्थाओं को बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से आहूत एक उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों द्वारा किये गये आकलन के दृष्टिगत मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर के सुदृढ़ीकरण का कार्य व्यापक स्तर पर किया जाए। 01 जून, 2021 से प्रदेश के सभी जनपदों में 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग का कोरोना वैक्सीनेशन कार्य प्रारंभ हो रहा है। भविष्य में संक्रमण की रोकथाम तथा इसका प्रभाव न्यूनतम करने के लिए अधिक से अधिक प्रदेशवासियों का वैक्सीनेशन कराया जाना आवश्यक है। इसे ध्यान में रखते हुए माह जून, 2021 में कोविड वैक्सीनेशन का व्यापक अभियान कोरोना वैक्सीन की 01 करोड़ डोज से प्रदेशवासियों के वैक्सीनेशन के लक्ष्य के साथ प्रारंभ किया जाए।
मुख्यमंत्री को बैठक में अवगत कराया गया कि विगत 24 घण्टों में प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 2,402 मामले आए हैं। इसी अवधि में 8,145 संक्रमित व्यक्तियों का सफल उपचार करके डिस्चार्ज किया गया है। प्रदेश में 30 अप्रैल, 2021 को संक्रमण के अब तक के सर्वाधिक एक्टिव मामले 3,10,783 थे। वर्तमान में एक्टिव मामलों की संख्या घटकर 52,244 हो गयी है। इस प्रकार विगत 30 अप्रैल के सापेक्ष एक्टिव मामलों की संख्या में 2,58,539 की कमी आयी है।
मुख्यमंत्री को यह भी अवगत कराया गया कि राज्य में कोरोना संक्रमण की रिकवरी दर लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में यह दर बढ़कर 95.7 प्रतिशत हो गयी है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की पॉजिटिविटी दर में भी कमी देखी जा रही है। राज्य में पिछले 24 घण्टों में 3,58,407 कोविड टेस्ट किये गये। विगत 24 घण्टों में टेस्ट पॉजिटिविटी दर 0.7 प्रतिशत रही है। प्रदेश में अब तक 4 करोड़, 84 लाख, 26 हजार 572 कोविड टेस्ट किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा विश्व तम्बाकू निषेध दिवस-2021 पुरस्कार उत्तर प्रदेश के स्टेट टोबैको कन्ट्रोल सेल को तम्बाकू नियंत्रण के प्रयासों के लिए दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण इलाकों को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए चलाये जा रहे वृहद जांच अभियान को प्रभावी ढंग से जारी रखा जाए। किसी भी लक्षण युक्त तथा संदिग्ध संक्रमित व्यक्ति तक निगरानी समितियां सबसे पहले पहुंचती है। इसलिए निगरानी समितियों को पर्याप्त संख्या में मेडिकल किट उपलब्ध कराये जाने के साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक जरूरतमंद को मेडिकल किट उपलब्ध हो जाए। यह सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा सेक्टर के प्रभारी अधिकारी को जवाबदेह बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण के कम होने के साथ सभी जनपदों में पर्याप्त संख्या में कोविड बेड उपलब्ध हैं। स्वास्थ्य विभाग एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जनपदों में पोस्ट कोविड वाॅर्ड की स्थापना सुनिश्चित की जाए। इन वाॅर्डों में कोरोना मुक्त व्यक्तियों की पोस्ट कोविड अवस्था में होने वाले कॉम्प्लिकेशंस के उपचार की पूरी व्यवस्था हो। ब्लैक फंगस के संक्रमण से प्रभावित सभी मरीजों को संक्रमण के उपचार हेतु दवा उपलब्ध कराई जाए। ब्लैक फंगस के उपचार के लिए संस्तुत वैकल्पिक दवाओं की भी व्यवस्था कर मरीजों को उपलब्ध कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी जनपदों में ब्लैक फंगस के संक्रमण की दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता रहे।
मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि कोविड-19 के उपचार की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए उनके निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही की जा रही है। कोविड बेड की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी की जा रही है। विगत दिवस प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों तथा अस्पतालों में 112 बेड की वृद्धि हुई है। इसमें आइसोलेशन बेड के अलावा आई0सी0यू0 बेड भी सम्मिलित हैं। आवश्यक मानव संसाधन में भी लगातार बढ़ोत्तरी की जा रही है। मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि इस कार्रवाई को पारदर्शी और प्रभावी ढंग से जारी रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मेडिकल कॉलेजों एवं जनपदों में पीडियाट्रिक आई0सी0यू0 (पीकू) तथा निओनेटल आई0सी0यू0 (नीकू) की स्थापना के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस कार्य में प्रदेश के इंसेफेलाइटिस नियंत्रण सम्बन्धी अनुभवों का उपयोग किया जाए। पीकू और नीकू के संचालन के लिए उपकरणों, मानव संसाधन सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं भी की जाएं। योजना बनाकर मानव संसाधन की ट्रेनिंग का कार्य भी सम्पन्न करा लिया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग इंसेफेलाइटिस की रोकथाम के संबंध में अभी से पूरी सतर्कता बरतें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Most Popular