
देहरादून। दून की बदहाल सफाई व्यवस्था के विरुद्ध अब सामाजिक कार्यकर्ताओं की मुहिम प्रारंभ हो गई है। भाजपा, कांग्रेस के साथ-साथ आप कार्यकर्ता भी सफाई अभियान में जुट गए हैं। 11 दिनों से चली आ रही हड़ताल के विरुद्ध जनसहयोग का यह प्रयास भले ही आटे में नमक जैसा ही है पर इससे सफाई कर्मचारियों का मनोबल गिरा है। उन्हें लगने लगा है कि उनके बगैर भी सफाई हो सकती है।
दून अस्पताल में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सफाई व्यवस्था संचालित की। इसका संचालन समिति के अध्यक्ष नवीन कृषाली तथा उमा सिसौदिया ने किया। इन लोगों ने भाजपा सरकार पर करारे प्रहार भी किए। आप नेताओं का कहना है कि अब वे सफाई व्यवस्था के लिए पार्टी की ओर से संकल्पबद्ध है तथा यथासंभव सफाई व्यवस्था का प्रयास करेंगे। आप नेताओं ने सरकार पर करारा प्रहार किया तथा कहा कि मुख्यमंत्री की हठधर्मिता के कारण यह हड़ताल लंबी चल रही है जो दुखद है। उन्होंने विभागीय मंत्री मदन कौशिक तथा मुख्यमंत्री दोनों को जिम्मेदार बताया और दून अस्पताल सफाई अभियान चलाया।
इस अवसर विपिन खन्ना, विशाल चौधरी, जितेंद्र पंत, दीपक केसला, पवन रावत, कमल राणा समेत तमाम आप कार्यकर्ता उपस्थित थे।



