देहरादून- राजधानी देहरादून मे बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयदशमी के पर्व की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर भर में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के विशालकाय पुतले बनाए गए हैं। आज कहीं रावण दहन तो कहीं लंका दहन धूमधाम से किया जायेगा। बात अगर परेड ग्राउंड की करे, तो दशहरा कमेटी बन्नू बिरादरी की ओर आयोजित 71वें दशहरा महोत्सव की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके लिए कमेटी की ओर से रावण का 60 फीट का पुतला और तीन मंजिल ऊंची लंका का निर्माण किया गया है। शुक्रवार को इनका दहन और आतिशबाजी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। कमेटी की ओर से रावण के अलावा 55 फीट के कुंभकरण और 50 फीट के मेघनाद का पुतला भी बनाया गया है। शाम 6.05 मिनट पर रावण दहन किया जाएगा। वहीं, इससे पहले साढ़े पांच बजे लंका दहन होगा। आपको बता दे कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी सैन परिवार ने पुतलों और लंका का निर्माण किया है। लकड़ी, कागज, भूसे और कपड़े से बने पुतले को परेड ग्राउंड में खड़ा किया गया है। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए लंका और पुतलों में विभिन्न रंगों की लाइटें भी लगाई गईं हैं।