देहरादून- लगातार दूसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने पीएम नरेंद्र मोदी की नई कैबिनेट में उत्तराखंड के पूर्व सीएम और भाजपा से हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक को जगह मिली है। उत्तराखंड के अलग राज्य बनने के बाद यह पहला अवसर है जब राज्य के किसी सांसद को सीधे कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक को शामिल करने पर दून में खुशी की लहर है। भाजपाइयों ने शहरभर में आतिशबाजी और मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान केंद्र में राज्य का मजबूत प्रतिनिधित्व मिलने से विकास की गति दोगुनी होने की उम्मीद जताई गई।
निशंक का राजनितिक सफर
सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक गुरबत की जिंदगी से गुजरकर संघर्ष के दम पर शिखर तक पहुंचे है। पौड़ी गढ़वाल के पिनानी में गरीब परिवार में जन्में निशंक की जीवन यात्रा कई उतार चढ़ावों से गुजरी। सरस्वती शिशु मंदिर के आचार्य से मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री बनने की उनकी यात्रा बेहद अनूठी है। जोशीमठ स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में निशंक प्राचार्य रहे। जो उनके जीवन का कठिन दौर था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक होने के साथ-साथ उन्हें अध्यापन का दोहरा दायित्व निभाना होता था। अध्यापन कार्य के दौरान निशंक समाज सेवा और सक्रिय राजनीति से जुड़ गए। राजनीति में उनके कदम जमें तो फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
निशंक भाजपा के करद्दावर नेताओं में से एक हैं। वे एक राजनीतिज्ञ के साथ ही एक कवि भी हैं। साल 1991 से साल 2012 तक पांच बार यूपी और उत्तराखंड की विधानसभा पहुंचे। साल 1991 में पहली बार उत्तर प्रदेश में कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए। उसके बाद लगातार तीन बार विधायक बने। साल 1997 में उत्तर प्रदेश सरकार में कल्याण सिंह मंत्रिमंडल में पर्वतीय विकास विभाग के मंत्री बने। साल 1999 में रामप्रकाश गुप्त की सरकार में संस्कृति पूर्त व धर्मस्व मंत्री रहे। 2000 में उत्तराखंड राज्य निर्माण के बाद प्रदेश के पहले वित्त, राजस्व, कर, पेयजल सहित 12 विभागों के मंत्री बने। वर्ष 2007 में उत्तराखंड सरकार में चिकित्सा स्वास्थ्य, भाषा तथा विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री बने। वर्ष 2012 में डोईवाला (देहरादून) क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए। वर्ष 2014 में डोईवाला से इस्तीफा देकर हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुए। वहीं 2019 में अब वे कांग्रेस प्रत्याशी को हराकर फिर से हरिद्वार के सांसद चुने गए हैं।
डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद (हरिद्वार, उत्तराखंड)
पिता- स्व. परमानंद पोखरियाल
मां- स्व. विशंभरी देवी
जन्म- 15 जुलाई 1959
जन्म स्थान- पिनानी, पौड़ी गढ़वाल
शादी- 7 मई 1985
पत्नी- कुसुमकांता
शिक्षा- एमए, पीएचडी(ऑनर्स), डी. लिट(ऑनर्स), हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल यूनिवर्सिटी श्रीनगर।



