
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के समापन सत्र को सम्बोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने अनुसूचित जाति समाज के हितों को विस्मृत कर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया। वर्तमान केन्द्र व राज्य सरकार अनुसूचित जाति के विकास एवं मुख्य धारा में शामिल करने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। सरकार ने यह सुनिश्चित कराया कि कोई भी गरीब व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहने पाए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। स्वच्छ भारत मिशन में देश में 10 करोड़ शौचालय बनाए गए, जिससे 95 फीसदी आबादी अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ी जाति के लोग लाभान्वित हुए। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में 02 करोड़ 61 लाख लोगों को शौचालय उपलब्ध कराए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन से लोगों के जीवन में अभूतपूर्व सुधार एवं बदलाव आया है। देश में ढ़ाई करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिए गए। प्रदेश में भी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2017 के बाद 42 लाख लोगों को आवास प्रदान किए गए। इसके अलावा, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत भी प्रदेश के जरूरतमंदों को आवास प्रदान किये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश में 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है। प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान कार्ड योजना के तहत कवर किया गया है। इसके तहत 05 लाख रुपये तक का इलाज निःशुल्क कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में उनकी सरकार बनने पर मिल रहे शिकायत के आधार पर फर्जी राशन कार्डों की जांच कराई गई, जिसमें 40 लाख लोगों के फर्जी राशन कार्ड बने थे। इससे स्पष्ट होता है कि वास्तव में इसके लिए पात्र लोगों को लाभ नहीं मिल पाता था। उन्होंने कहा कि कोरोना कालखण्ड के दौरान लोगों के जीवन को तो बचाया ही गया, निःशुल्क राशन उपलब्ध कराकर किसी की भी भूख से मौत भी नहीं होने दी गई।



