देहरादून- मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के मोबाइल पर कॉल कर हरकी पैड़ी को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। बता दें कि बीते रोज मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के मोबाइल पर एक शख्स ने कॉल कर हरकी पैड़ी को बम से उड़ाने की धमकी दे डाली। इससे राजधानी देहरादून से लेकर हरिद्वार तक शासन प्रशासन में हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल अधिकारी आनंद रावत की तहरीर पर हरिद्वार की शहर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मोबाइल नंबर की जांच शुरू करते हुए कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की है। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपित केशवानंद नौडियाल पुत्र विद्या दत्त निवासी ग्राम आंताखोली, तहसील चैकीसैंड पट्टी कंडारस्यू जिला पौड़ी गढ़वाल हरिद्वार के एक होटल में काम करता है। उसका पहचान पत्र नहीं बन पा रहा था। इस पर उसने सीधे मुख्यमंत्री के फोन पर हरकी पैड़ी को बम से उड़ाने की धमकी दे डाली। युवक मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है।