देहरादून- महाशिवरात्रि पर बृहस्पतिवार रात से ही शिव मंदिरों में भक्तों में लंबी लाइनें लगी रहीं। शिवालयों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। हरिद्वार से गंगा जल लाने वाले कांवड़ियों और व्रत रखने वालों ने ओम नमरू शिवाय और बम बम भोले के उद्घोष के साथ रुद्राभिषेक किया। मंदिर बम बम भोले, हर हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंजते रहे। भक्तों ने भोले को पंचामृत, फूल व बेलपत्र अर्पित कर सुख समृद्धि की कामना की।
महाशिवरात्रि पर गढ़ी कैंट स्थित श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए बृहस्पतिवार रात नौ बजे से शिवभक्त पहुंचने शुरू हो गए थे। कुछ ही देर में श्रद्धालुओं की लंबी लाइनें लग गई। मध्यरात्रि 12 बजे मंदिर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक होने के बाद भक्तों के जलाभिषेक के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए।
रात 12 बजे मंदिर के महंत कृष्ण गिरि महाराज व पुजारी भरत गिरि महाराज ने भगवान शिव का गंगा जल, दूध, शहद व अन्य पूजा सामग्री के साथ विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद करीब 12.30 बजे मंदिर में जलाभिषेक शुरू हो गया। जलाभिषेक शुरू होते ही परिसर भगवान शिव के जयकारों से गूंजता रहा। शुक्रवार सुबह के बाद से श्रद्धालुओं की भीड़ कई गुना बढ़ गई। हर बार की तरह इस बार भी करीब डेढ़ से दो किलोमीटर तक श्रद्धालुओं की लाइन लगी हुई है।



