रुड़की- उत्तराखंड के रुड़की में झबरेड़ा क्षेत्र के एक गांव मे जहरीली शराब पीने से 8 लोगों की मौत व दो दर्जन से ज्यादा लोगो की हालत गंभीर। घटना की सूचना से प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गढ़वाल रेंज के आई जी अजय रौतेला मौके पर रवाना हो गये है। वहीं एसएसपी जनमेजय प्रभाकर खंडूरी के अनुसार, गांव में एक व्यक्ति के घर में तेरहवीं के भोज का कार्यक्रम था। इस दौरान वहां कुछ ग्रामीणों ने शराब पी थी। शराब पीने के बाद वहां ग्रामीणों की हालत खराब होने लगी जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई। वहीं अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हादसा घर पर बनाई जा रही कच्ची शराब पीने के कारण हुआ होगा। पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। वहीं इस बात की भी जांच की जा रही है कि मामला फूड प्वाइजनिंग का तो नहीं है। क्योंकि शराब पीने और खाना खाने के बाद ही लोगों की तबियत बिगड़ी थी। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।



