हरिद्वार- छोटे पर्दे के रियलिटी शो बिग बॉस 13 शुरू से ही विवादों में बना हुआ है। इसका Bed Friend Forever कांसेप्ट विवादों में रहा। इस कांसेप्ट को लेकर शो पर अश्लीलता परोसने का आरोप लगने लगा। हाल ही में ट्विटर पर #Boycott_BigBoss ट्रेंड करने लगा। बिग बॉस शो को लेकर संत समाज में उबाल बना हुआ है। अब अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि और महामंत्री महंत हरिगिरी ने फिल्म अभिनेता सलमान खान के शो बिग बॉस का प्रसारण बंद करने की बात उठाई है। नरेंद्र गिरी महाराज ने कहा कि बिग बॉस में भारतीय संस्कृति को नष्ट करने जैसी गतिविधियां दिखाई पड़ रही हैं। इस तरह के शो समाज को विघटन की और ले जाते हैं। शो के माध्यम से कलाकार लगातार लड़ाई झगड़ा दिखाकर अन्य परिवारों में भी मतभेद जैसी स्थितियों को पैदा कर रहे हैं। उन्होंने फिल्म कलाकार सलमान खान व शो के निर्देशक से अपील की कि शो का प्रसारण बंद होना चाहिए। शो में भारतीय संस्कृति को तोड़ मोड़ कर दिखाना सरासर गलत है। महिला कलाकार लगातार इस शो के माध्यम से अश्लीलता को भी दर्शा रही हैं जिससे अन्य महिलाओं पर भी गलत असर पड़ता है। शो का प्रसारण बंद किया जाना चाहिए। अखाड़ा परिषद के महामंत्री हरिगिरी महाराज ने भी बिग बॉस शो में अश्लीलता परोसे जाने पर निंदा प्रकट की और कहा कि इस शो का प्रसारण तत्काल बंद किया जाए।