देहरादून- टिहरी विस्थापितों के भूमि आवंटन में हुई धांधली के विरोध में आज टिहरी मूल विस्थापित विकास समिति ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। साथ ही उन्होंने चेताते हुए कहा कि यादि फर्जी भूमि आवंटन को 10 दिन के अंदर निरस्त नहीं किया गया, तो वह उसके खिलाफ अनशन शुरू कर देगें। आपत्तिकर्ताओं का कहना है कि चिरंजी लाल पुत्र स्व- गोपाल दत्त को जो डी-21 नंबर व सी-9, 150-150 वर्गमीटर के जो दो निर्मित आवास आवंटित किये गये हैं वह अवैधानिक औैर कूट रचित साक्ष्यों के आधार पर किये गये हैं। उनका कहना है कि चिरंजी लाल की टिहरी बौराडी में 12-8 वर्गमीटर की एक दुकान थी जिसके बदले में उन्हें यह दोनों आवास आवंटित किये गये हैं। आपत्तिकर्ताओं का कहना है कि आरटीआई से मांगी गई जानकारी में इस फर्जी आवंटन के पर्याप्त सबूत हैं। उन्होनें पुर्नवास निदेशक टिहरी गढ़वाल से इस अवैध आवंटन की जांच करने और निरस्त करने की मांग करते हुए कहा गया, कि अगर इस आवंटन को 10 दिन के अंदर रद्द नहीं किया गया, तो वह इसके खिलाफ आंदोलन शुरू कर देगें। उनका यह भी कहना है कि मुख्यमंत्री से भी इस बारे में उनकी बात हुई थी और उन्होनें इसकी जांच व निरस्त कराने के आदेश भी दिये थे।