
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चिल्ड्रेन्स पैलेस म्युनिसपल नर्सरी स्कूल में स्ट्रीट वेण्डर्स के निःशुल्क कोरोना वैक्सीनेशन के लिए स्थापित किये गये टीकाकरण केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्र पर किये जा रहे वैक्सीनेशन कार्य तथा व्यवस्थाओं को मौके पर परखा। इस अवसर पर उन्होंने केन्द्र पर मौजूद लोगों से बातचीत कर उन्हें वैक्सीनेशन के लिए प्रोत्साहित किया तथा लाभार्थियों को टीकाकरण प्रमाण-पत्र वितरित किया। ज्ञातव्य है कि प्रदेश में आज से स्ट्रीट वेण्डर्स के लिए निःशुल्क कोरोना वैक्सीनेशन अभियान प्रारम्भ किया गया है। स्ट्रीट वेण्डर्स, पटरी दुकानदार, ठेला, खोमचा, रेहड़ी आदि के लिए स्पेशल बूथ बनाये गये हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है। इस लड़ाई में वैक्सीनेशन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी का दूसरा चरण अब नियंत्रण के नजदीक है। 24 अप्रैल, 2021 को प्रदेश में जहां 38,055 केस एक ही दिन में रिपोर्ट हुए थे, आज मात्र 339 केस ही आये हैं। 30 अप्रैल, 2021 को प्रदेश में एक्टिव केसों की संख्या 3,10,780 से अधिक थी। प्रधानमंत्री द्वारा दिये गये ‘ट्रेस, टेस्ट एण्ड ट्रीट’ के मूल मंत्र को मजबूती से लागू करने का परिणाम है कि आज प्रदेश में मात्र 8,111 एक्टिव केस ही बचे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के द्वितीय चरण के संक्रमण को रोकने के लिए कई नये अभियान संचालित किये गये, ताकि कोरोना संक्रमण की चेन को हर स्तर पर तोड़ा जा सके, रोका जा सके। सभी नागरिकों को सुरक्षा कवच देने के लिए वैक्सीनेशन सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने देश को दो स्वदेशी वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैक्सीनेशन कार्य में तीव्रता लाने एवं लोगों को वैक्सीनेशन की सर्वसुलभता हेतु विभिन्न समूहों पर फोकस करते हुए कार्यक्रम बनाये गये हैं। प्रदेश सरकार द्वारा अभिभावक स्पेशल बूथ पर 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों के अभिभावकों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी प्रकार, जूडीशियरी तथा मीडिया के लिए अलग बूथ तथा शिक्षक एवं सरकारी कर्मचारियों के लिए अलग बूथों पर वैक्सीनेशन का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने स्ट्रीट वेण्डर्स के लिए स्थापित वैक्सीनेशन सेण्टर पर बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त की।


