
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कोविड-19 से बचाव और उपचार की व्यवस्थाओं को निरन्तर प्रभावी बनाकर रखा जाए। राज्य सरकार की ‘ट्रेस, टेस्ट एण्ड ट्रीट’ की नीति कोरोना संक्रमण के नियंत्रण में अत्यन्त सहायक सिद्ध हो रही है। राज्य में कोरोना संक्रमण की पॉजिटिविटी दर में निरन्तर कमी एवं रिकवरी दर में लगातार वृद्धि हो रही है। इससे कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से कमी आ रही है।
मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से आहूत एक उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि विगत 24 घण्टों में प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 3,278 केस आए हैं। इसी अवधि में 6,995 संक्रमित व्यक्तियों का सफल उपचार करके डिस्चार्ज किया गया है। प्रदेश में 30 अप्रैल, 2021 को संक्रमण के अब तक के सर्वाधिक एक्टिव मामले 3,10,783 थे। वर्तमान में संक्रमण के एक्टिव मामलों की संख्या घटकर 58,270 हो गयी है। इस प्रकार विगत 30 अप्रैल के सापेक्ष एक्टिव मामलों की संख्या में 2,52,513 की कमी आयी है।
मुख्यमंत्री को यह भी अवगत कराया गया कि राज्य में कोरोना संक्रमण की रिकवरी दर वर्तमान में 95.4 प्रतिशत है। राज्य में पिछले 24 घण्टों में 3,47,821 कोविड टेस्ट किए गए। पिछले 24 घण्टों में टेस्ट पॉजिटिविटी दर मात्र 1.1 प्रतिशत रही है। प्रदेश में अब तक 4 करोड़ 80 लाख 68 हजार 329 कोविड टेस्ट किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण इलाकों को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए संचालित वृहद जांच अभियान को सुचारु और प्रभावी ढंग से जारी रखा जाए। इसके अंतर्गत निगरानी समितियों द्वारा कोरोना संक्रमण की व्यापक स्क्रीनिंग का कार्य किया जा रहा है। प्रत्येक लक्षण युक्त एवं संदिग्ध संक्रमित व्यक्ति को मेडिकल किट दी जा रही है। किसी भी लक्षण युक्त तथा संदिग्ध संक्रमित व्यक्ति तक निगरानी समितियां सबसे पहले पहुंचती है। इसलिए निगरानी समितियों को पर्याप्त संख्या में मेडिकल किट उपलब्ध कराई जाए। लक्षण युक्त एवं संदिग्ध संक्रमित व्यक्तियों को मेडिकल किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा सेक्टर के प्रभारी अधिकारी को जवाबदेह बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों में पोस्ट कोविड वाॅर्ड की स्थापना की जाए। इन वाॅर्डों में कोरोना मुक्त व्यक्तियों की पोस्ट कोविड अवस्था में होने वाले कॉम्प्लिकेशंस के उपचार की पूरी व्यवस्था हो। मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि कोरोना मुक्त रोगियों की पोस्ट कोविड अवस्था में कॉम्प्लिकेशंस के निःशुल्क उपचार के सम्बन्ध में शासनादेश निर्गत कर दिए गए हैं। राज्य में ब्लैक फंगस की दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्लैक फंगस के संक्रमण से प्रभावित सभी मरीजों को दवा उपलब्ध कराई जाए। ब्लैक फंगस के उपचार के लिए वैकल्पिक दवाओं की भी व्यवस्था कर मरीजों को उपलब्ध करायी जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी जनपदों में ब्लैक फंगस के संक्रमण की दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड बेड की संख्या में निरन्तर वृद्धि की जाए। साथ ही, इसके लिए आवश्यक मानव संसाधन की भी व्यवस्था की जाए। इसके लिए भर्ती की कार्यवाही तेजी से सम्पन्न की जाए। मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि कोविड-19 के उपचार की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए उनके निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही की जा रही है। कोविड बेड की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी की जा रही है। विगत दिवस प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों तथा अस्पतालों में 120 बेड की वृद्धि हुई है। इसमें आइसोलेशन बेड के अलावा आई0सी0यू0 बेड भी शामिल हैं। मानव संसाधन में भी लगातार बढ़ोत्तरी की जा रही है।