देहरादून- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर विधायकों के खरीद फरोख्त के प्रयास करने के मामले में सीबीआई द्वारा मुकदमा दर्ज कराने के विरोध में महानगर कांग्रेस ने आक्रोश जताया है। कांग्रेसियों ने आज केन्द्र सरकार का पुतला फूंककर अपने गुस्से का इजहार किया। महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता आज केन्द्र सरकार के पुतले के साथ एस्लेहाल चौक पहुंचे और केन्द्र सरकार तथा सीबीआई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि केन्द्र की मोदी सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सीबीआई और ईडी का गलत इस्तेमाल कर रही है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि केन्द्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग कर रही है और लोकतंत्र की हत्या पर आमादा है। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि हरीश रावत के खिलाफ किया गया स्टिंग आप्रेशन भाजपा और और कथित पत्रकार के द्वारा रचा गया एक षडयंत्र था जिसे खुद सीबीआई ने भी स्वीकार कर लिया है। उनका कहना है कि हरीश रावत पर सीबीआई द्वारा दायर किया गया मुकदमा राजनीतिक विद्वेष का सबूत है। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि हरीश रावत को तो सिर्फ लेन देन की बात करते हुए देखा गया है। जिन्होेने 2016 में लेन देन कर कांग्रेस के विधायक खरीदे और अन्य स्टिंग आप्रेशन हुए उन सभी पर सीबीआई को कार्यवाही करनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने इसके खिलाफ आंदोलन का एलान भी किया है।