देहरादून- दिनदहाड़े सरेआम मोबाइल फोन व पर्स लूटने वाले दो लुटेरों को पुलिस ने धर दबोचा। मामलों का खुलासा करते हुए पुलिस ने दोनों लुटेरों के पास से माल व लूट में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद की। लूट में शामिल एक बदमाश पहले भी लाखों की लूट में जेल की हवा खा चुका है। मामला रायवाला थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार कर्नाटक निवासी एम-आर-कृष्णामूर्ति ने रायवाला थाने मे तहरीर देकर बताया कि हमारा ग्रुप बद्रीनाथ दर्शन को आया था। दर्शन करने के बाद माधव आश्रम हरिपुरकलां में रूका था। बताया कि बीते शुक्रवार को सुबह 11-30 बजे जब वह गंगा स्नान को जा रहे थे, तभी स्कूटी सवार दो लोगों ने उनका मोबाइल लूट लिया और फरार हो गये। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश की, तो पता चला कि ऐसी लूट की एक और वारदात लुटेरों द्वारा सप्तऋषि हरिद्वार में भी अंजाम दे चुके है। जांच के दौरान आज सुबह पुलिस को सूचना मिली कि उक्त लुटेरे क्षेत्र में आने वाले है। इस पर पुलिस ने राजमार्ग पर चैकिंग अभियान चला दिया। चैकिंग के दौरान पुलिस को स्कूटी सवार दो संग्दिध आते हुए दिखायी दिये। पुलिस ने जब उन्हे रूकने का इशारा किया तो वह स्कूटी मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। इस पर उन्हे घेराबंदी कर दबोचा गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से लूटे गये दोनों फोन बरामद किये। इस पर पुलिस उन्हे थाने ले आयी। जहां पूछताछ में उन्होने अपना नाम निशान्त व सागर बताया। पुलिस के अनुसार निशान्त शातिर किस्म का बदमाश है जो वर्ष 2013 में अपने साथियों सहित तमंचे की नोक पर चार लाख की लूट को अंजाम दे चुका है जिसमें वह अपने साथियों सहित जेल भी गया था।