Homeराज्यउत्तराखण्डपुलिस ने चंद घंटों में किया हत्या का खुलासा, डेयरी के कर्मचारी...

पुलिस ने चंद घंटों में किया हत्या का खुलासा, डेयरी के कर्मचारी ने ही डंडे से पीट-पीटकर की थी हत्या।

देहरादून – कारगी क्षेत्र की एक डेयरी में कर्मचारी की उसके साथी ने डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद कर्मचारी और डेयरी मालिक ने घरवालों का गुमराह करने के लिए इसे एक्सीडेंट का रूप देना चाहा। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने सारा राज उगल दिया। पता चला कि दोनों कर्मचारियों में शराब पीने के बाद झगड़ा हुआ था।


पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया। वारदात पटेलनगर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती स्थित राशिद की डेयरी में शनिवार रात को हुई। डेयरी में अफजाल निवासी बादशाहपुर, बिहारीगढ़, सहारनपुर काम करता था। डेयरी के ऊपर उसके साथ बगल के कमरे में सुरेश निवासी नन्हेड़ा, गागलहेड़ी, सहारनपुर भी रहता था।

डेयरी मालिक राशिद ने रविवार सुबह अफजाल के बेटे फैजान को फोन किया कि उसके पिता की एक्सीडेंट में मौत हो गई है। आकर उसका शव ले जाए। फैजान अन्य परिजनों के साथ दून पहुंचा तो देखा कि उसके पिता का शव डेयरी के कमरे में पड़ा था। शक होने पर उसने पुलिस को सूचना दी।

शराब की थी आदत
मौके पर एसएचओ पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी मय फोर्स पहुंचे। उन्होंने सुरेश से घटना के बारे में पूछा तो वह इधर-उधर की बातें करने लगा। शक होने पर पुलिस उसे थाने ले आई। यहां पूछताछ में उसने सारा राज उगल दिया। सुरेश ने बताया कि अफजाल को वह बीते 20-25 साल से जानता है। दोनों रोज शराब पीते थे।

शनिवार रात को वह आईएसबीटी से शराब पीकर आया था। अफजाल के कमरे में बैठकर दोनों ने फिर शराब पी। इसके बाद दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। सुरेश का कहना है कि अफजाल ने उसी गंदी-गंदी गालियां दीं। इस पर उसे गुस्सा आ गया। उसने पास में पड़े लकड़ी के डंडे से उसके मुंह और सिर पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। जब सुरेश बेहोश हो गया तो वह अपने कमरे में जाकर सो गया।

मारने का आरोप लगाया तो मना कर दिया
सुबह सुरेश ने राशिद को बताया कि अफजाल जाग नहीं रहा है। इस पर राशिद ने कहा कि वह उसे फोन करके देखता है। राशिद ने फोन किया तो उठा नहीं। उसने ऊपर जाकर देखा तो अफजाल के ऊपर कंबल पड़ा था। राशिद ने कंबल उठाया तो उसका मुंह पूरी तरह से फटा हुआ था। राशिद ने सुरेश पर उसे मारने का आरोप लगाया तो उसने मना कर दिया।

इसके बाद दोनों ने इसे एक्सीडेंट बताने की योजना बनाकर घरवालों को फोन कर दिया। एसएचओ सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि सुरेश और राशिद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सुरेश को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल डंडा बरामद कर लिया गया है। जांच के बाद राशिद को भी गिरफ्तार किया।

चार माह से नहीं दिया था अफजाल को वेतन

अफजाल के बेटे ने पुलिस को बताया कि उनके पिता का डेयरी संचालक राशिद से भी विवाद रहता था। राशिद ने उनके पिता को चार माह से वेतन नहीं दिया था। ऐसे में अक्सर झगड़ा भी होता था। पहले भी परिजन झगड़े की बात पर राशिद से बात करने पहुंचे थे। लेकिन, राशिद ने कभी उन्हें वाजिब जवाब नहीं दिया।

वेतन से कटवाते थे शराब का पैसा
अफजाल को डेयरी में 12 हजार रुपये मिलते थे जबकि सुरेश 10 हजार रुपये पाता था। दोनों रोज शराब और खाने-पीने के लिए राशिद से 400 रुपये मांगते थे। यह पैसा उनके वेतन से ही कटता था। पहले सुरेश और अफजाल दोनों एक ही कमरे में रहते थे। झगड़े बढ़े तो दोनों को अलग-अलग कमरे दे दिए गए।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular