
देहरादून- राजधानी देहरादून मे नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट में सीनियर एक्जेक्यूटिव की नौकरी के नाम पर एक युवती से ठगों ने 20 हजार से ज्यादा की रकम ठग ली। पीड़ित युवती की शिकायत पर कोतवाली डालनवाला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली डालनवाला पुलिस ने बताया कि डालनवाला निवासी एक युवती ने कोतवाली में तहरीर दी है। तहरीर मे बताया कि उन्हें एक विज्ञापन के माध्यम से पता चला कि जौलीग्रांट एयपोर्ट में सीनियर एक्जेक्यूटिव का पद खाली है। जिस पर उसने विज्ञापन पर दिए गए नंबर पर फोन किया तो फोन करने वाले ने बतौर रजिस्ट्रशन फीस एटीएम के माध्यम से पांच सौ रुपये जमा करने के लिए कहा। जिस पर उसने रकम दिए गए अकाउंट में जमा करा दी। युवती ने बताया कि इसके कुछ दिन बाद किसी राहुल शर्मा का उन्हें फोन आया और उसने फोन पर ही इंटरव्यू ले लिया। इसके बाद उसने साढ़े पांच हजार रुपये जमा करने को कहा। जिस पर युवती उनके झांसे में आ गई और एक बार पांच हजार व दूसरी बार 14 हजार रुपये से अधिक राहुल शर्मा के बताए अकाउंट में जमा करा दिए। काफी दिनों बाद भी जब नौकरी के लिए कॉल नहीं आया तो उसने दिए गए फोन नंबर पर बात करने की कोशिश की। लेकिन इसके बाद आरोपितों का फोन नंबर बंद मिला। पीड़ित ने बताया कि ठगों ने उससे करीब बीस हजार आठ सौ रुपये ठग लिए। पुलिस ने बताया कि तहरीर के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।