पांच मार्च से शुरू हो रही उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा नए पैटर्न पर होगी। इस बार जहां एक ओर प्रवेश पत्र के पीछे परीक्षा का पूरा कार्यक्रम अंकित होगा, वहीं उत्तराखंड बोर्ड ने इस बार परीक्षा के पैटर्न में भी बदलाव किया है। बोर्ड ने हाई स्कूल में गणित व इंटरमीडिएट में गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व जीव विज्ञान के स्वरूप में परिवर्तन किया गया है।
बोर्ड ने समस्त हाईस्कूल और इंटरमीडिएट शासकीय, अशासकीय, अशासकीय वित्तविहीन विद्यालयों की प्रीबोर्ड परीक्षा-2018 और परिषदीय परीक्षा 2018 का आयोजन नवीन संशोधित पैटर्न के आधार पर करने का फैसला किया है। इसी को देखते हुए बोर्ड ने संशोधित नवीन पैटर्न को भी वेबसाइट पर अपलोड किया है। ताकि छात्रों को इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
छात्रों के मार्गदर्शन के लिए बोर्ड ने वेबसाइट पर संशोधित पैटर्न के मॉडल प्रश्नपत्र भी अपलोड कर दिए हैं। उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन की वेबसाइट पर ऑनलाइन पेपर से छात्र अभ्यास कर सकते हैं। बोर्ड के इस कदम से छात्रों को परीक्षा की तैयारी और पुराने मॉडल पेपर के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं अगले साल पांच मार्च से शुरू होंगी। इन परीक्षाओं का समापन 24 मार्च को होगा। प्रदेशभर के 2.81 लाख परीक्षार्थियों के लिए सभी 13 जिलों में 1309 परीक्षा केंद्र बने हैं। इससे पहले एक फरवरी से 28 फरवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी। एक अप्रैल से बोर्ड की कॉपियों की जांच शुरू होगी। जांच का कार्य 15 अप्रैल तक चलेगा। पांच जून तक परीक्षा का परिणाम घोषित हो जाएगा।


