दून में स्वाइन फ्लू से पीड़ित एक मरीज की मौत हो गई है। मरीज का उपचार हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट में चल रहा था। राजावाला निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उन्हें हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भर्ती कराया था। स्वाइन फ्लू के लक्षण मिलने पर उनके सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेजे गए। इसी बीच 26 मार्च को मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
जिसके बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाईएस थपलियाल के अनुसार जनपद में अब तक कुल 27 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। जिनमें से चार में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इनमें एक व्यक्ति की हिमालयन अस्पताल में मौत हुई है। एक महिला मैक्स अस्पताल में भर्ती है, जबकि दो अन्य स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि समस्त निजी व सरकारी अस्पतालों को इस ओर खास एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।




