केदारनाथ धाम में देवस्थानम बोर्ड के विरोध में तीर्थपुरोहितों का धरना-प्रदर्शन 38वें दिन भी जारी रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से यथाशीघ्र बोर्ड को भंग करने की मांग की है। मंगलवार को आचार्य संजय तिवारी के नेतृत्व में केदारनाथ में तीर्थपुरोहितों ने मंदिर परिसर में धरना दिया। कहना था कि आंदोलन के 38 दिन बाद भी शासन, प्रशासन व बोर्ड के द्वारा उनकी सुध नहीं ली गई है। सरकार व उसके लोग बार-बार कह रहे हैं कि देवस्थानम बोर्ड में तीर्थपुरोहितों व हक-हकूकधारियों के अधिकार पूर्णरूप से सुरिक्षत हैं। अगर, ऐसा है तो उन्हें अधिनियम की प्रतियां दी जाए, जिसमें यह उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी बोर्ड भंग करने की एकसूत्री मांग है, जिसके पूरा होने पर ही आंदोलन खत्म होगा। इस मौके पर अंकुश शुक्ला, प्रवीण शुक्ला, ऋषि अवस्थी आदि मौजूद थे।


