देहरादून- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में कुल 31 विकास खंडों के 12094 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला इस बार 1455730 मतदाता करेंगे। इसी तरह 16 अक्टूबर को होने वाले तीसरे चरण के मतदान में 11167 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। इन दोनों ही चरणों में ग्राम प्रधान, सदस्य क्षेत्र और जिला पंचायत को लेकर खासी मारामारी है। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक 11 अक्टूबर को दूसरे चरण के मतदान में 23054 पदों के लिए चुनाव होना है।
इसमें से 19229 पद तो ग्राम पंचायत सदस्यों के हैं। इन पदों पर कुल 1972 प्रत्याशी ही मैदान में हैं। वहीं ग्राम प्रधान, सदस्य क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्यों के पदों पर तीन-तीन गुना प्रत्याशी मैदान में मौजूद हैं। पहले चरण के करीब 70 प्रतिशत मतदान के बाद अब दूसरे चरण में मत प्रतिशत को बढ़ाने के लिए आयोग ने कोशिश शुरू कर दी है। आयोग के मुताबिक सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतदान की तैयारी को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए हैं। मतदाताओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए अलग से व्यवस्था पर विशेष निगाह रखने को कहा गया है। ठीक यही हाल 16 अक्टूबर को होने वाले तीसरे चरण के मतदान का भी है। तीसरे चरण में कुल 21391 पदों के लिए मतदान होना है। इस चरण में 11167 प्रत्याशी ही मैदान में हैं। यहां भी ग्राम पंचायत सदस्यों के 17929 पदों के सापेक्ष कुल 2176 प्रत्याशी ही मैदान में हैं। ग्राम प्रधान के 2416 पदों के सापेक्ष 5611 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।