
मशहूर शहनाई वादक बिस्मिल्लाह खान की चोरी हुईं शहनाइयों का चोर तो पकड़ा गया पर वो शहनाईयों में कोई धुन नही दे पांएगा। जी हां, शहनाई चोर उनका पोता निकला और उसने शहनाई मात्र 17 हजार में चार शहनाइयां ज्वेलरी दुकानदार को बेच दीं और ज्वेलर ने चांदी की तीन शहनाइयां पिघला दीं. उसने लकड़ी की एक शहनाई में लगी चांदी भी पिघला दी. यानी चोरी का मामला तो सुलझ तो गया लेकिन शहनाइयां वापस नहीं मिल सकीं, मिली तो बस पिघली हुई चांदी.
5 दिसंबर 2016 को उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के घर चोरी की ख़बर सामने आई थी जिसमें उस्ताद बिस्मिल्लाह की ख़ास निजी शहनाई के साथ साथ उन्हें तोहफ़े में मिलीं तीन चांदी की ख़ास शहनाईयां भीं थीं जिन्हें भारत के पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव और दिग्गज नेता लालू यादव और कपिल सिब्बल ने तोहफ़े में दिया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसटीएफ) अमित पाठक के अनुसार एसटीएफ की वाराणसी इकाई ने उस्ताद के छोटे पुत्र काजिम हुसैन के पुत्र नजरे हसन उर्फ शादाब के अलावा चौक थानान्तर्गत छोटी पियरी स्थित ज्वैलर्स के शंकर लाल सेठ और उसके पुत्र सुजीत को गिरफ्तार किया है।इनमें से एक उनकी सबसे खास शहनाई थी जिसे वह मुहर्रम के जुलूस में बजाया करते थे.
