Sunday, March 1, 2026
Home राज्य उत्तर प्रदेश जुलाई के प्रथम सप्ताह में पूरे प्रदेश में 30 करोड़ वृक्षारोपण का...

जुलाई के प्रथम सप्ताह में पूरे प्रदेश में 30 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य , सीएम ने दिए लक्ष्य पूरा करने के निदेश..

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जुलाई के प्रथम सप्ताह में वन महोत्सव के अवसर पर पूरे प्रदेश में 30 करोड़ वृक्षारोपण के लक्ष्य को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समयबद्ध ढंग से तैयारी करते हुए सभी सम्बन्धित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्यवाही की जाए। सभी सम्बन्धित विभाग, वन विभाग के साथ मिलकर अपनी कार्य योजना पर तेजी से कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण जन आन्दोलन-2021 के कार्यक्रम को कोविड प्रोटोकाॅल और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सम्पादित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने यहां अपने सरकारी आवास पर 30 करोड़ वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों एवं प्रगति के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि समय रहते पौधों की नर्सरी और गड्ढों की खुदाई की कार्य को पूरा कर लिया जाए। वृक्षारोपण के लिए पौधों का चयन करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि वे पर्यावरण, मानव व समाज के हित की दृष्टि से अनुकूल, उत्तम और उपयोगी हों। इस सन्दर्भ में उन्होंने बरगद, पीपल, पाकड़, नीम, आम, जामुन, सहजन, सागौन, इमली आदि प्रजातियों सहित फलदार, छायादार तथा औषधीय वृक्षों के रोपण पर बल दिया।  
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के वनावरण व वृक्षावरण में वृद्धि होने से जैव विविधता का संरक्षण एवं विकास होगा। उन्होंने वृक्षारोपण अभियान में व्यापक जनजागरूकता व जनसहभागिता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान के तहत अनिवार्य रूप से जियो टैगिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लक्ष्यों के आवंटन के अनुसार कार्यों का अनुश्रवण हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण, प्राकृतिक संतुलन एवं जल संरक्षण के लिए वृक्षारोपण की आवश्यकता है। उन्होंने 30 करोड़ वृक्षारोपण के लिए रणनीति बनाते हुए ग्राम पंचायतों, शहरी क्षेत्रों, रोपण क्षमता, वृक्षों की प्रजातियों, स्थलों व लाभार्थियों को चिन्ह्ति करने के निर्देश दिए। वृक्षारोपण एक्सप्रेस-वे, हाई-वे, सड़क, नहर, औद्योगिक परिसर, राजकीय भूमि सहित अन्य उपयुक्त स्थलों पर किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद में एक औषधि वाटिका की स्थापना की सम्भावनाओं पर कार्य किया जाए। मुख्यमंत्री ने वृक्षारोपण के लक्ष्य को सफल बनाने के लिए कृषि, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज व शिक्षा विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए कहा कि किसानों व ग्रामीणों को अधिक से अधिक प्रेरित किया। उन्होंने वृक्षारोपण अभियान में राजकीय विभागों तथा सामाजिक संस्थाओं के साथ-साथ नौजवानों, व्यापारियों, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों को जोड़ते हुए उनकी सहभागिता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Ad 1 Ad 2