हरिद्वार/रुड़की – 20 फरवरी को शहर के बीचोबीच रुड़की के मेन बाजार में अवैध रूप से बनाए गए पटाखे के गोदाम में विस्फोट हो गया था और आग लग गई थी। जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई थी और एक गंभीर रूप से घायल हो गया था। वही इतनी बड़ी घटना होने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगे थे। वही चार मौतों के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है और शहर में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की है।
पुलिस प्रशासन की छापेमारी में अवैध रूप से संचालित हो रहे गोदाम से भारी मात्रा में पटाखे एवं पटाखे बनाने का बारूद बरामद किया गया है। रुड़की के पश्चिम अंबर तालाब में पटाखा व्यापारी पीयूष जिंदल के गोदाम से लाखों रुपए के पटाखे बरामद किए गए हैं।
सीओ रुड़की पल्लवी त्यागी ने जानकारी देते हुए बताया कि एसएससी महोदय के निर्देश पर शहर में अवैध रूप से बनाए गए पटाखों के गोदामों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत रुड़की गंगनहर कोतवाली के पश्चिमी अंबर तालाब से पटाखा व्यापारी पीयूष जिंदल के द्वारा बिना परमिशन के रिहायशी इलाके में गोदाम में पटाखों का स्टॉक रखा हुआ था जिसमें 14 पेटी पटाखों की बरामद की गई है। यह गोदाम भी शहर के बीचो बीच था।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अभियान के अंतर्गत कार्यवाही लगातार रूप से जारी रहेगी और जहां पर भी अवैध रूप से पटाखा बनाने की फैक्ट्री एवं गोदाम संचालित हो रहे हैं उनके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।