
देहरादून। वीर सावरकर युवा संगठन द्वारा गोवंश के पंजीकरण कराने, गोहत्या, गो तस्करी, लावारिस गायों एवं गोसंवर्द्धन के संबंध में पशुपालन मंत्री श्रीमती रेखा आर्य को एक ज्ञापन दिया है,जिसमें संगठन द्वारा आठ सूत्र दिए गए हैं। मंगलवार को दिए गए इस ज्ञापन में संगठन का कहना है कि गायों का पंजीकरण किया जाए तथा देहरादून की सभी डेरियों का पंजीकरण हो। एक स्थान से दूसरे स्थान पर किसी भी गोवंशीय जीव को बेचने का अधिकार किन डेरियों को है, उनकी जानकारी सार्वजनिक हो तथा गोवंशीय जीव को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने के लिए निंकटस्थ चौकी या थाने द्वारा रवाना जारी किया जाए।
संगठन की मांग है कि पशु लगने वाले इंजेक्शन जो अधिक दूध निकालने के लिए दिए जाते हैं, उन्हें तुरंत बंद किया जाए तथा गो तस्करों पर कठोर कार्यवाही की जाए। इसी प्रकार जो डेयरी स्वामी गाय को सड़क पर कूड़ा करकट खाने को छोड़ देते हैं, उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए। खुले घूमने वाले पशुओं से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है, उन पर अंकुश जरूरी है। संगठन के लोगों की मांग है कि इन समस्याओं को निस्तारित करने के लिए अलग से पुलिस टीम गठित की जाए ताकि आम व्यक्ति भी गो तस्करी और गो हत्या की सूचना संबंधित को दे सकें। संगठन ने आग्रह किया है कि 10 दिन के भीतर इन सभी बिन्दुओं पर कार्यवाही की जाए ताकि आम आदमी को राहत मिल सके।
श्रीमती रेखा आर्य को ज्ञापन देने वालों में वीर सावरकर युवा संगठन के संस्थापक कुलदीप स्वेडिया, सुमन पंवार, मयंक गौड़, मनोज गर्ग, बलवंत कुमार, प्रमोद राठौर, संजीव गोयल, मुकेश बिष्ट, धनीराम सक्सेना समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे। मंत्री रेखा आर्य ने भी इस मामले पर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।


