Homeराज्यउत्तराखण्डगंगा पूजन के साथ कांवड़ मेले का हुआ शुभारंभ, पहले ही दिन...

गंगा पूजन के साथ कांवड़ मेले का हुआ शुभारंभ, पहले ही दिन हरिद्वार में उमड़ी कावड़ियों की भीड़।

हरिद्वार – श्रावण मास आज मंगलवार से शुरू हो गया है। इसके साथ ही हरिद्वार में गंगा पूजन के साथ कांवड़ मेले का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी धीराज सिंह गबर्याल और एसएसपी अजय सिंह ने हरकी पैड़ी पर मां गंगा का पूजन कर दुग्धाभिषेक किया और मेले के निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की।

जिलाधिकारी और एसएसपी सहित शासन/प्रशासन के विभिन्न अधिकारियों ने हरकी पैड़ी पर कांवड़ियों को पेयजल की बोतलें और फलाहार वितरित किए। इस दौरान श्रीगंगा सभा के पदाधिकारी और गंगा अधिकारी मौजूद रहे।

करीब चार दिन से कावड़ियों का हरिद्वार पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था लेकिन पहले ही दिन हरिद्वार में कावड़ियों की भीड़ उमड़ पड़ी। बम-बम भोले का उद्घोष करते हुए हुए लाखों शिवभक्त गंगा जल उठाने के लिए हर की पैड़ी पहुंचे।

पुलिस ने भी सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को चाक-चौबंद कर यातायात प्रबंधन के लिए कमर कस ली है।  वहीं, पिछली बार 3.80 करोड़ कांवड़ियों ने हरिद्वार से जल उठाया था। इस बार रिकॉर्ड पांच करोड़ कांवड़ियों के हरिद्वार पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

प्रशासन, पुलिस और विभागों ने अनुमानित भीड़ के अनुसार व्यवस्था तैयार कर ली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर इस साल भी पुष्प वर्षा से कांवड़ियों का स्वागत होगा। कांवड़ियों के वाहनों के लिए बैरागी कैंप, गौरीशंकर नीलधारा, पंतद्वीप, लालाजी वाला, चमगादड़ टापू, रोड़ीबेलवाला, भारत माता मंदिर के पास पार्किंग बनाई गई है।

मेला क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर पुलिस, पीएसी, अर्द्धसैनिक बलों के अलावा प्रशिक्षु भी तैनात कर दिए गए हैं। बैरागी कैंप में निगरानी के लिए लाइट हाउस बनाए गए हैं। ड्रोन से पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular