देहरादून- अपने विधायकों के बीच जारी आपसी तकरार से आजिज आ चुकी भाजपा ने जहां चैम्पियन और कर्णवाल के खिलाफ जहां अब कड़ी कार्यवाही करने और कड़ा संदेश देने का मन बना लिया है वहीं भाजपा विधायकों के तल्ख तेवरों से अब ऐसा लगता है कि उन्हे पार्टी की कार्यवाही की कोई परवाह नहीं है। जहां एक ओर झबरेड़ा विधायक कर्णवाल, चैम्पियन के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर रहे है वहीं चैम्पियन भी किसी भी कीमत पर पीछे हटने को तैयार नहीं है उनका दावा है कि वह अब कर्णवाल की विधायकी छीनकर दोनो पति व पत्नी को जेल भिजवा कर ही चैन से बैठेंगे। चैम्पियन कर्णवाला के साथ भाजपा और कांग्रेस को जिस तरह से निशाने पर लिये हुए है उससे यह साफ लगता है कि उनका अब भाजपा से भी मन भर चुका है तथा वह अपने लिए नई राजनीतिक जमीन तलाश कर रहे है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा मे आये चैम्पियन द्वारा हरिद्वार भाजपा लोकसभा प्रत्याशी डा. रमेश पोखरियाल निशंक को जब प्रवासी पक्षी बताया गया तब से उनके भाजपा छोड़ने की चर्चाएं हो रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उनकी कांग्रेस में वापसी संभव नहीं है जिसकी जानकारी के बाद उन्होने पंडित नेहरू और महात्मा गंाधी पर निशाना साधा था। ऐसी स्थिति में अब उनके पास बसपा का दामन थामने का ही सबसे आसान जरिया शेष बचता है। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चाएं है कि चैम्पियन 2022 के लिए अपनी नई राजनीतिक जमीन तैयार कर रहे है। अगर भाजपा ने उनके खिलाफ निष्कासन जैसी कार्यवाही की तो उनका बसपा के साथ जाना तय है ऐसा राजनीतिक सूंत्रों का कहना है। चैम्पियन का मजबूत जनाधार और राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखते हुए बसपा द्वारा हाथोंहाथ लपकने की बात कही जा रही है। साथ ही सूंत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वह खुद भाजपा को नहीं छोड़ेगें। वह चाहते है कि पार्टी ही उनके खिलाफ कुछ ऐसा करे तो उनके लिए बेहतर होगा। इस पूरे प्रकरण में अब जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्यवाही की बात कही जा रही है। समिति 15, 20 दिनों में अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को देगी तब तक लोकसभा चुनाव भी लगभग निपट जायेगा। इसलिए यह माना जा रहा है कि चुनाव के बाद भाजपा इस मामले में बड़ा निर्णय लेगी। भाजपा कड़ी कार्यवाही कर अनुशासन हीनता करने वालों को कड़ा संदेश भी देना चाहती है।



