देहरादून- देहरादून से कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी दिनेश अग्रवाल आज शक्ति प्रदर्शन के साथ नगर निगम पहुंचे और नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान दिनेश अग्रवाल के समर्थन में भारी जुलूस निकाला गया। वहीं अध्यक्ष और सभासदों पद के उम्मीदवारों के लिए नामांकन का अंतिम दिन आज है। आज दिन भर नामांकन का दौर जारी रहा। मंगलवार को नगर निगम में प्रत्याशियों का हुजूम उमड़ आया। नगर निकाय चुनाव के लिए सजे रणक्षेत्र में पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल भी कूद पडे हैं। कांग्रेस से मेयर पद के दावेदार दिनेश अग्रवाल ने कहा कि वह शहर को पिछले चार दशकों से करीब से जानते हैं। शहर कुछ प्रमुख समस्याओं से जूज रहा है जिन्हे वो प्राथमिकता से दूर करेंगे। कहा कि कांग्रेस ने उन पर विश्वास जताया, अब सबको साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी मैं स्वयं लेता हूं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी के पूर्व विधायक व वरिष्ठ नेताओं को एक दूसरे का सहयोग मिलेगा। आज जनता में भाजपा को लेकर काफी आक्रोश है। पिछले 10 वर्षों से नगर निगम के काम ठप हैं इसलिए अब लोग कांग्रेस को उम्मीद की नजरों से देख रहे हैं।