Homeराज्यउत्तराखण्डउत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, मैदानी इलाकों छाए बादल, पहाड़ी इलाकों...

उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, मैदानी इलाकों छाए बादल, पहाड़ी इलाकों में बारिश से बढ़ी ठंड……

देहरादून- उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदली है। सुबह से ही प्रदेशभर में बादल छाए हुए हैं। वहीं मैदान में बूंदाबांदी और पहाड़ी इलाकों में बारिश से ठंड में भी इजाफा हुआ है। गुरुवार सुबह गंगोत्री धाम में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में भी बर्फबारी से मौसम सुहावना हो गया। वहीं, यमुनोत्री धाम में भी कोहरा छाया हुआ है। निचले इलाकों में रिमझिम बारिश भी शुरू हो गई है। बता दें कि मौसम विभाग ने चमोली, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में 24 घंटों में हल्की बारिश और बर्फबारी का अलर्ट भी जारी किया है।

गुरुवार की सुबह से गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के जिलों में बादलों का डेरा है। कई स्थानों पर तो सड़कों पर अंधेरा होने के कारण वाहनों की हेड लाइट भी जली दिखीं। उत्तरकाशी जनपद के गंगोत्री और यमुनोत्री के आसपास की पहाड़ियों में सुबह हिमपात भी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों से लेकर मैदान तक हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात भी हो सकता है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है।

राज्य में बीते 29 सितंबर से राज्य में बारिश नहीं हुई है। इस बीच केवल नैनीताल व चमोली जिले में एक से दो मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। करीब 39 दिनों से बारिश न होने से खेतों में नमी कम होती जा रही है और हवा में धूल के कण अधिक ऊंचाई तक पहुंच रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश नहीं होने से दिन और रात के तापमान में अपेक्षाकृत अधिक अंतर देखा जा रहा है, जो फसलों की बढ़वार के लिए लाभकारी नहीं माना जाता है। बुधवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 29.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि राज्य के अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। दून के कुछ क्षेत्र में बादलों की गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।

 

 

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular