देहरादून- देहरादून में जिला पंचायत अध्यक्ष सीट पर भाजपा उम्मीदवार मधु चौहान विजयी रहीं। जीत के बाद उन्होंने समर्थकों से जुलूस भी निकाला। मधु चौहान को कुल 30 वोट में से 23 वोट मिले। वहीं कांग्रेस की अंजिता चौहान को सात वोट मिले। जानकारी के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशी अंजिता वोट डालने के बाद ही डीएम कार्यालय से चली गई थीं। वो मतपेटी सिल होने तक भी नहीं रुकीं। देखा जाए तो इस चुनाव में कांग्रेस ने हाथ खड़े कर दिए। शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में उनका शपथ ग्रहण होगा। पिथौरागढ़ जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर कोमल सिंह मेहता विजयी रहीं। उन्हें 19 वोट मिले वहीं चंदन सिंह को नौ, जगत सिंह को पांच वोट मिले। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा की दीपिका बोहरा पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं। अल्मोड़ा जिले में अल्मोड़ा से जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की उमा बिष्ट और उपाध्यक्ष पद पर कांता देवी निर्वाचित हुईं। उमा विष्ट एक वोट से विजयी हुईं। वहीं उपाध्यक्ष पद पर यूकेडी की कांता रावत विजयी रहीं। बागेश्वर में जिला पंचायत अध्यक्ष पर पद पर बंती देवी विजयी रहीं। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी नवीन परिहार को हराया।टिहरी जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा की सोना सजवाण विजयी रहीं। उन्हें 34 और निर्दलीय नीलम बिष्ट को 11 वोट मिले। सोना सजवाण ने 23 वोट से जीत हासिल की। वहीं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के भोला सिंह परमार विजयी रहे। उन्हें 32 वोट और जयवीर को 13 वोट मिले। वहीं, रुद्रप्रयाग में बीजेपी की अमरदेई देवी 12 वोट से जीती। उत्तरकाशी जिला पंचायत उपाध्यक्ष पर टाई हो गया। उपाध्यक्ष पद पर अब लॉटरी से फैसला हुआ। इसके बाद कविता परमार उपाध्यक्ष बनीं। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी चंदन पंवार विजयी हुए थे। लेकिन बाद में कांग्रेस वार्ड सदस्यों के समर्थन से चुनाव लड़ रहे निर्दलीय प्रत्याशी दीपक बिजल्वाण जिला पंचायत अध्यक्ष घोषित किए गए। उन्हें 12 तो चंदन पंवार को 11 वोट मिले। चमोली जिले में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की रजनी भंडारी विजय रहीं। उन्हें15 वोट मिले। वहीं भाजपा के योगेंद्र सेमवाल को 10 और निर्दलीय देवी जोशी को एक वोट मिला। चमोली में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह (निर्दलीय) पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे। पौड़ी जिले में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर भाजपा ने कब्जा किया। अध्यक्ष पद पर भाजपा की शांति देवी ने कांग्रेस के कैलाश चंद्र को 14 मतों के अंतर से पराजित किया। शांति देवी को 26 मत प्राप्त हुए। वहीं, कैलाश चंद्र को 12 मत मिले। जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की रचना देवी ने कांग्रेस के मेहरबान सिंह नेगी को 14 मतों के अंतर से पराजित किया। रचना देवी को 23 मत प्राप्त हुए। जबकि मेहरबान सिंह नेगी ने 14 मत हासिल किए।