हल्द्वानी- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड आएंगे। देहरादून के बाद अब भाजपा ने नौ फरवरी को हल्द्वानी त्रिशक्ति सम्मेलन का आयोजन किया है। यह सम्मेलन एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में होगा। सम्मेलन में नैनीताल ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रभारी और शक्ति केंद्र प्रभारियों सहित आठ हजार से अधिक पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचेंगे। हल्द्वानी में होने वाले त्रिशक्ति सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के अनुसार, फरवरी के दूसरे सप्ताह में पीएम मोदी भी उत्तराखंड में कुमाऊं का दौरा करेंगे। कुमाऊं में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर व अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा क्षेत्र हैं। वर्तमान में दोनों सीटों पर भाजपा के ही सांसद हैं। संभावना है कि 13-14 या 15 फरवरी को प्रधानमंत्री कुमाऊं में आएंगे। रुद्रपुर में विशाल सभा हो सकती है। जिसको लेकर तैयारियां की जा रही है।