रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहाँ पर एक 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं शुरुआती तौर पर इस घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोस्ती
जानकारी के मुताबिक, किशोर की दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी। लेकिन समय के साथ यह दोस्ती गहरी होती चली गई और धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। लेकिन कुछ समय बाद कथित तौर पर दोनों के रिश्ते में दरार आ गई। इसके बाद बातचीत बंद हो गई और रिश्ता खत्म हो गया। इस वजह से किशोर मानसिक तनाव का शिकार हो गया
पिछले कुछ दिनों से परेशान था किशोर
परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से किशोर का व्यवहार बदला हुआ लग रहा था। वो पहले की तुलना में काफी चुप-चुप रहने लगा था और अक्सर अकेला रहता था। शुरुआत में परिवार के लोगों को उसकी परेशानी की असली वजह का पता नहीं चल पाया। लेकिन बाद में पता चला कि जिसके साथ उसकी दोस्ती और प्रेम संबंध था, उसने उससे बातचीत बंद कर दी थी। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर किशोर मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था।
कमरे में पंखे से लटका मिला शव
घटना वाले दिन भी किशोर घर पर ही मौजूद था। कुछ समय बाद जब परिजनों ने उसे कमरे में देखा, तो वह पंखे से लटका हुआ मिला। नाबालिग को लटका देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दिनेशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही दिनेशपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र बिष्ट ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



