Homeअध्यात्मपहाड़ों में मौसम साफ, केदारनाथ-बदरीनाथ यात्रा शुरू; सोनप्रयाग से निकले भक्त, बर्फबारी...

पहाड़ों में मौसम साफ, केदारनाथ-बदरीनाथ यात्रा शुरू; सोनप्रयाग से निकले भक्त, बर्फबारी से बढ़ी ठंड l

काफी दिनों के बाद आज रुद्रप्रयाग में लोगों को बारिश से राहत मिल गई, जिसके बाद भक्तों को भी केदारनाथ धाम भेजा गया.

केदारनाथ धाम सहित रुद्रप्रयाग में आज मौसम साफ होने के बाद यात्रा शुरू कर दी गई है। सोनप्रयाग और गौरीकुण्ड में कई दिनों से यात्रा शुरू होने का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं को आज केदारनाथ धाम भेजा गया। धाम की चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ रखी है, जिसे देखकर देश भर से पहुंचे श्रद्धालु प्रसन्न नजर आए। बदरीनाथ धाम की यात्रा भी इसी क्रम में शुरू हो गई है।

शनिवार, 6 सितंबर को पहाड़ों में सुबह से मौसम साफ दिखा। एक सितंबर से बंद केदारनाथ यात्रा अब दोबारा शुरू हुई है। मौसम साफ रहने से पैदल मार्ग और धाम तक हजारों श्रद्धालु आसानी से पहुँच सके। धाम में श्रद्धालुओं के पहुंचने से पहले की वीरानी दूर हो गई है। वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित उमेश पोस्ती ने बताया कि मौसम साफ होने के कारण श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन आसानी से कर पा रहे हैं।

केदारनाथ धाम में सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ गया है। इस स्थिति को देखते हुए नगर पंचायत ने अलाव की व्यवस्था की है। मंदिर समिति उपाध्यक्ष विजय कपरवाण ने बताया कि यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आने को तैयार हैं, लेकिन बार-बार मौसम खराब होने की वजह से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा को अस्थाई तौर पर रोकना पड़ता है।

गौरीकुंड से केदारनाथ पैदल मार्ग तक सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद हैं। श्रद्धालुओं की हर सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। केदारनाथ धाम स्थित ध्यान गुफा का संचालन भी जल्द ही बीकेटीसी के माध्यम से शुरू होगा, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।

बीकेटीसी सदस्य विनीत पोस्ती ने बताया कि मौसम साफ होने के बाद यात्रा शुरू की गई है, लेकिन खराब मौसम के चलते यात्रा पर असर पड़ा है। जिला प्रशासन तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष सतर्कता बरत रहा है। श्रद्धालुओं के लिए मार्ग और धाम में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाकर हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular