उत्तरकाशी: गंगोत्री राजमार्ग पर नालूपानी के पास का हिस्सा एक बार फिर यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। लगातार पहाड़ से गिर रहे बड़े-बड़े बोल्डरों और मलबे के कारण इस हिस्से में यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है। सड़क पर मलवा जमा होने से गंगोत्री धाम आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही ठप पड़ी है, जिससे यात्रियों को घंटों रास्ते में फंसे रहना पड़ रहा है।
राजमार्ग बंद होने से न केवल चारधाम यात्रा पर असर पड़ा है, बल्कि स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित हो रही है। लोग आवाजाही न होने के कारण जरूरी कामों के लिए भी सड़क पर फंसे हुए हैं।
हालात को देखते हुए सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीम मौके पर तैनात है और मार्ग को साफ करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। भारी मशीनों की मदद से बोल्डरों और मलबे को हटाने की कोशिश की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द आवागमन बहाल किया जा सके।
प्रशासन की ओर से यात्रियों से नालूपानी क्षेत्र में अनावश्यक रूप से न रुकने और पूरी सावधानी बरतने की अपील की गई है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनज़र मार्ग पूरी तरह से साफ होने तक ट्रैफिक को वैकल्पिक स्थानों पर रोका जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नालूपानी का यह हिस्सा हर साल बरसात में खतरा बन जाता है, लेकिन इस ओर स्थायी समाधान की जरूरत है। जब तक बोल्डर गिरने की समस्या पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह मार्ग हमेशा असुरक्षा का कारण बना रहेगा।