उधमसिंह नगर : उधमसिंह नगर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर काशीपुर पुलिस ने एक जघन्य हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 2 घंटे के भीतर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना कटोराताल चौकी क्षेत्र के मोहल्ला ओझान में हुई, जहां एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उसके सौतेले पिता भगवानदास यादव ने उसकी मां सुनीता देवी को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है।
सूचना मिलते ही सीओ दीपक सिंह और कोतवाल अमर चंद शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि सुनीता देवी अत्यधिक लहूलुहान अवस्था में पड़ी हुई थीं। उनके पुत्र ने बताया कि भगवानदास ने उनकी मां की हत्या कर दी है। सुनीता देवी को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के संबंध में सुनीता देवी के पुत्र सन्नी की तहरीर पर भगवानदास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने हत्या के मामले का त्वरित अनावरण करने के लिए सीओ काशीपुर और कोतवाल को निर्देश दिए और शहर में नाकेबंदी करने का आदेश दिया, क्योंकि जानकारी मिली थी कि आरोपी घटना के बाद वहां से भाग चुका है।
पुलिस ने संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की और अंततः भगवानदास को कलश मंडप जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान भगवानदास ने बताया कि वह जल संस्थान से रिटायर्ड फिटर है और सुनीता देवी बिचौलिये का काम करती थी। उसने आरोप लगाया कि सुनीता ने उसके साथ के संबंधों की वीडियो बना ली थी और उसे शादी के लिए मजबूर किया था।
भगवानदास ने यह भी कहा कि सुनीता उसकी संपत्ति पर नजर रखती थी और उसे बेचने का दबाव डालती थी। उसने बताया कि सुनीता ने उसे धमकी दी थी कि रजिस्ट्री के बाद वह उसे मार डालेगी। इसी कारण उसने सुनीता की हत्या कर दी।