राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) से मिले भारत दर्शन-शैक्षिक भ्रमण के छात्र-छात्राएं, साझा किए अनुभव….

देहरादून : राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) से राजभवन में 9 दिसंबर को हाईस्कूल परीक्षा-2024 के टॉपर 157 छात्र-छात्राओं का एक दल मिला। ये छात्र-छात्राएं हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा और दिल्ली के प्रमुख शैक्षिक और तकनीकी संस्थानों के साथ-साथ ऐतिहासिक स्थलों का दौरा कर लौटे थे।

इस दौरान छात्रों ने अपने भ्रमण के दौरान हुए अनुभवों को राज्यपाल के साथ साझा किया। राज्यपाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शैक्षिक भ्रमण शिक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो केवल किताबों तक सीमित नहीं रहता बल्कि व्यावहारिक अनुभव और व्यापक दृष्टिकोण प्रदान करता है।

राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के भ्रमण छात्रों को विभिन्न संस्कृतियों, परंपराओं और जीवनशैली से परिचित कराते हैं, जिससे उनकी सोच में उदारता और मानवता के प्रति सहानुभूति जागृत होती है। उन्होंने छात्रों से यह भी कहा कि इस भ्रमण का उद्देश्य न केवल उच्च शिक्षा संस्थानों की जानकारी देना था, बल्कि छात्रों को अन्य राज्यों की संस्कृति और तकनीकी उपलब्धियों से भी परिचित कराना था।

राज्यपाल ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज का युग ज्ञान और कौशल का है, और छात्रों को अपने सपनों को बड़ा रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस भ्रमण से जो भी सीख मिले, उसे जीवन में लागू करें और अपनी सोच को वैश्विक स्तर पर विस्तारित करें।

राज्यपाल ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि बच्चों के भ्रमण से प्राप्त अनुभवों का लाभ उठाया जाए और इस पहल को और बेहतर तरीके से लागू किया जाए। उन्होंने इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण की सराहना करते हुए कहा कि इससे अन्य बच्चे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here