सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देहरादून में NCC दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में युवा कैडेट के बीच जंहा वक्त बिताया. वहीं एनसीसी कैडट्स को कुछ सौगातें भी दी। सरकार ने NCC अधिकारियों व कैडेट्स को दिए जाने वाले दैनिक भत्तों की दर को बढ़ाया है। इसके लिए शासनादेश जारी हो चुका है। सीएम ने कहा कि एनसीसी एक संगठन ही नहीं बल्कि एक संस्कार है जो सामाजिक क्षेत्रों व विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए राष्ट्र की प्रगति में निरंतर योगदान दे रहा है।
सीएम के निर्देशों के अनुसार राज्य में एनसीसी प्रशिक्षिण शिविरों में प्रयुक्त होने वाले वाहनों हेतु अनुमन्य पेट्रोल दर, सहयोगी एनसीसी अधिकारियों को अनुमन्य मानदेय की धनराशि एवं एनसीसी प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेने वाले सहयोगी एनसीसी अधिकारियों(एएनओ) एवं एनसीसी कैडेटों की रेल और सड़क यात्रा के दौरान अनुमन्य दैनिक भत्तों की दरों में इजाफा किया गया।
इस सम्बन्ध में सचिव डाॅ.भूपिन्दर कौर औलख द्वारा जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि एनसीसी कैडेटों के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर हेतु प्रति कैडेट निर्धारित पेट्रोल व्यय की वर्तमान दर रू0 55 को पुनरीक्षित कर 2 लीटर व अनुमन्य लुब्रीकेन्ट(लुब्रीकेन्ट-पेट्रोल/डीजल की मात्रा का 6 प्रतिशत) निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार सेन्ट्रली आर्गनाइज्ड शिविर हेतु प्रति कैडेट निर्धारित पेट्रोल व्यय की वर्तमान दर रूपए 80 को पुनरीक्षित कर 3 लीटर व अनुमन्य लुब्रीकेन्ट निर्धारित किया गया है। यह व्यय केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा 75: 25 के अनुपात में वहन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सहयोगी एनसीसी अधिकारियों को अनुमन्य मानदेय की दरों में भी बढोत्तरी की गई। सीनियर डिवीजन में लेफ्टिनेन्ट, कैप्टन एवं मेजर को देय वर्तमान दरों क्रमशः 900, 1000, 1100 को बढ़ाकर 2000, 2500, 3000 कर दिया गया है। इसी प्रकार जूनियर डिवीजन में थर्ड आॅफिसर, सेकेण्ड आॅफिसर, फस्र्ट आॅफिसर एवं चीफ आॅफिसर की देय वर्तमान दरों क्रमशः 700, 750, 800 एवं 850 को बढ़ाकर 1800, 2000, 2200 एवं 2500 कर दिया गया है। इस मानदेय पर आने वाला व्यय 50: 50 के अनुपात में भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
जबकि एन0सी0सी0 प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेने वाले सहयोगी एनसीसी अधिकारियों हेतु अनुमन्य रेल/सड़क यात्रा के दौरान दैनिक भत्ते की वर्तमान दर रू035 को बढ़ाकर 130 रूपए प्रतिदिन कर दिया गया है। इसी प्रकार एनसीसी प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेने वाले एनसीसी कैडेट हेतु अनुमन्य रेल/सड़क यात्रा के दौरान दैनिक भत्ते की वर्तमान दर रूपए 30 को बढ़ाकर 125 रूपए प्रतिदिन कर दिया गया है। यह व्यय केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा 75ः25 के अनुपात में वहन किया जाना है।