पिथौरागढ़ के रीठा रैतौली में गुलदार ने किया किशोर पर हमला, ग्रामीणों में दहशत

रीठा रैतोली में गुलदार पिथौरागढ़: सीमान्त जनपद पिथौरागढ़ में बेरीनाग के रीठा रैतौली में गुलदार के हमले में एक किशोर घायल हो गया। गुलदार के हमले की घटना के बाद से फपूरे इलाके में दहशत है। वन विभाग की टीम ने रात में गश्त कर लोगों को शाम ढलने के बाद अपने घरों से अकेले बाहर ना निकलने की सलाह दी।

रीठा रैतौली में गुलदार ने किया किशोर पर हमला

रविवार देर शाम बेरीनाग के रीठा रैतोली ग्राम पंचायत के ठांगा गांव निवासी 16 वर्षीय अमित सिंह बोरा बाजार से घर जा रहा था। रस्ते में प्राथमिक विद्यालय ठांगा के पास तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। उसकी चीख सुनकर जब गाँव के लोगों ने शोर मचाया तो तेंदुआ भाग गया। तेंदुए ने हमले में अमित के हाथ समेत कई हिस्सों को जख्मी किया है। घटना के बाद परिजन उसे सीएचसी बेरीनाग लेकर गए। ग्राम प्रधान निशा धारियाल ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की है।

क्षेत्र में तेंदुए के हमले की घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर देर रात तक क्षेत्र में गश्त की। इस बीच विभाग ने लाउडस्पीकर से लोगों से शाम को बच्चों को अकेले न छोड़ने और खेलने के लिए जाने वाले बच्चों और युवाओं से समय पर घर लौटने की अपील की। इसके साथ ही वन विभाग ने महिलाओं से भी घास काटने के लिए वनों में अकेले न जाने की अपील की।

वन क्षेत्राधिकारी चंदा मेहरा ने बताया कि तेंदुए के हमले की सूचना के बाद टीम को गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग लोगों को भी सतर्क रहने के लिए जागरूक कर रहा है। लोगों से घरों के आसपास की झाड़ियों को काटने और शाम के समय लाइट की व्यवस्था करने की अपील की जा रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here