Homeब्रेकिंग न्यूज़कोटद्वार: भालू से भिड़ी महिला, दरांती से किया मुकाबला, साहसिक संघर्ष से...

कोटद्वार: भालू से भिड़ी महिला, दरांती से किया मुकाबला, साहसिक संघर्ष से बचाई जान |

कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल): प्रखंड द्वारीखाल के अंतर्गत ग्राम मथगांव की 26 वर्षीय अंजली नेगी ने अद्वितीय साहस का परिचय देते हुए एक भालू के हमले से न केवल अपनी जान बचाई, बल्कि जंगली जानवर को पीछे हटने पर भी मजबूर कर दिया।

घटना बुधवार को उस समय हुई जब अंजली गांव की एक अन्य महिला के साथ जंगल में मवेशियों के लिए चारा-पत्ती लेने गई थीं। जब अंजली जंगल में दरांती से घास काट रही थीं, तभी झाड़ियों से अचानक एक भालू निकल आया और उन पर हमला कर दिया।

भालू के हमले के बावजूद अंजली ने साहस नहीं छोड़ा और दरांती से लगातार जवाबी वार करती रहीं। हमले के दौरान भालू ने उनके सिर पर पंजा मारा जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं, लेकिन फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी और हमले का डटकर सामना किया। अंततः भालू डरकर जंगल की ओर भाग गया।

घटना के बाद अंजली बेहोश होकर मौके पर गिर पड़ीं। उनके साथ मौजूद महिला ने तुरंत गांव पहुंचकर लोगों को सूचना दी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बेस चिकित्सालय, कोटद्वार पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।

इस घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से जंगलों में गश्त बढ़ाने, और महिलाओं को जंगल जाने से पहले चेतावनी देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती हलचल को लेकर लोगों में डर का माहौल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular