Roorkee: लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग से आहत एक युवती ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया. लेकिन समय रहते परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार कर उसकी जान बचा ली. घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया.
प्रेम प्रसंग में महिला ने की आत्महत्या की कोशिश
दरअसल, लक्सर क्षेत्र की रहने वाली युवती का देहरादून के एक युवक से करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध बताया जा रहा है. दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होती थी और धीरे-धीरे यह रिश्ता परिवारों तक भी पहुंच गया. जानकारी के मुताबिक दोनों पक्षों के परिजन रिश्ते के बारे में जानते थे, और उनकी सहमती थी. युवक और युवती में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया जिसके बाद युवक ने शादी से साफ़ इनकार कर दिया.
युवती ने खाया जहरीला पदार्थ, डॉक्टरों ने बचाई जान
जानकारी के मुताबिक, 4 मार्च को युवती ने आहत होकर जहरीला पदार्थ खा लिया. जब उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी तो परिजनों को मामले की जानकारी हुई. इसके बाद परिवार के लोग उसे तुरंत लक्सर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने समय रहते उपचार शुरू किया, जिसके चलते युवती की जान बचाई जा सकी.
घटना के बाद दोनों परिवारों में तनाव
घटना के बाद युवती के परिजन युवक और उसके परिवार से बात करने पहुंचे, लेकिन उन्होंने विवाह से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद मामला और अधिक गरमा गया. आक्रोशित परिजनों ने लक्सर कोतवाली पहुंचकर युवक और उसके परिजनों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. परिजनों का आरोप है कि पहले युवक का परिवार शादी के लिए तैयार था, लेकिन बाद में लगातार तारीख टालता रहा. उनका कहना है कि होली से पहले भी रिश्ता तय करने की बात कही गई थी, मगर बार-बार टालमटोल के कारण युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसने यह कदम उठा लिया.
थाने पहुँचा मामला, आरोप-प्रत्यारोप
फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. पुलिस ने स्थिति को शांत कराने के लिए दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाकर समझाने का प्रयास किया है. लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों से पूछताछ की गई है. उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं पुलिस का प्रयास है कि बातचीत के जरिए विवाद का समाधान निकाला जा सके.