Friday, March 13, 2026
Home राज्य उत्तराखण्ड देहरादून में राज्यपाल गुरमीत सिंह से मिले प्लान इंडिया के प्रतिनिधि, स्वच्छता...

देहरादून में राज्यपाल गुरमीत सिंह से मिले प्लान इंडिया के प्रतिनिधि, स्वच्छता अभियान पर हुई चर्चा

DEHRADUN: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से शुक्रवार को लोक भवन में प्लान इंडिया/रेकिट के प्रोग्राम मैनेजर सैयद अली नकवी ने शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने राज्यपाल को ‘‘डिटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया इंपैक्ट स्टडी रिपोर्ट-2025’’ सौंपी।

प्लान इंडिया के मैनेजर ने राज्यपाल गुरमीत सिंह से की मुलाकात 

इस अवसर पर नकवी ने बताया कि संस्था द्वारा रेकिट के सहयोग से डिटॉल स्कूल स्वच्छता शिक्षा के अंतर्गत स्कूलों में बच्चों को स्वच्छता, नियमित हाथ धोने की आदत और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का अभियान चला रही है। इस पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ विद्यालय वातावरण तथा बीमारियों की रोकथाम से जुड़े व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

राज्यपाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों में प्रारंभ से ही स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित की जाए तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है।

राज्यपाल को सौंपी ‘डिटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया’ इंपैक्ट स्टडी रिपोर्ट

राज्यपाल ने सुझाव दिया कि इस जागरूकता अभियान का विस्तार आंगनवाड़ी केन्द्रों तक भी किया जाए, ताकि छोटे बच्चों के साथ-साथ उनकी माताओं और अभिभावकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने प्रारंभिक चरण में पांच आंगनवाड़ी केन्द्रों में प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। इसके साथ ही राज्यपाल ने लोक भवन कॉलोनी में भी स्वच्छता जागरूकता से संबंधित एक विशेष सत्र आयोजित करने का सुझाव दिया, जिससे वहां निवास कर रहे लोगों और कर्मचारियों को भी स्वच्छता के महत्व के प्रति प्रेरित किया जा सके।

राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक व्यवहार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Ad 1 Ad 2