Homeराज्यउत्तराखण्डबिजली विभाग की टीम पर लाठी-डंडों से हमला, बिल बकाया होने पर...

बिजली विभाग की टीम पर लाठी-डंडों से हमला, बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने गई थी टीम

देहरादूनकोतवाली थाना क्षेत्र पथरियापीर में बिजली का बिल बकाया होने के बाद लाइन काटने गई विभाग की टीम पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. बिजली विभाग के कर्मचारियों पर लाठी डंडों से हमला किया गया. जिसमें कई कर्मचारी घायल हो गए हैं. जिसके बाद विभाग के जेई ने कोतवाली क्षेत्र धारा चौकी में शिकायत दर्ज कराई है.

9,730 रुपये का था बिजली बिल बकाया

जानकारी के मुताबिक, 28 जनवरी की दोपहर बिंदाल सब डिवीजन में तैनात जूनियर इंजीनियर अमित रौछेला अपनी टीम के तीन अन्य कर्मचारियों के साथ पथरियापीर स्थित कालू नामक व्यक्ति के घर पहुँचे थे. मौके पर टीम ने बताया कि संबंधित कनेक्शन पर 9,730 रुपये का बिजली बिल बकाया है. इसी कारण विभागीय नियमों के तहत बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही थी.

कनेक्शन काटते ही भड़का विवाद, हमला शुरू

जैसे ही टीम ने बिजली कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू की, वैसे ही घर में मौजूद तुषार नामक युवक और कुछ अन्य लोगों ने अचानक हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने डंडों और लोहे की रॉड से कर्मचारियों की पिटाई की. इतना ही नहीं, जेई और अन्य कर्मचारियों को जबरन घर के भीतर घसीटा गया और विभागीय मीटर और जरूरी दस्तावेज छीनने की भी कोशिश की गई.

जेई समेत चार कर्मचारी घायल

इस हमले में जेई अमित रौछेला और उनकी टीम के अन्य सदस्यों को सिर और हाथ में चोटें आईं. इसके बाद सभी घायलों को कोरोनेशन अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया. उधर, घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अन्य कर्मचारी धारा चौकी पहुँचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.

पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

मामले को बढ़ता देख पुलिस ने कर्मचारियों को समझाया और जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया. इस संबंध में कोतवाली नगर प्रभारी प्रदीप पंत ने बताया कि बिजली विभाग के जेई की शिकायत दर्ज कर ली गई है और घटना की गहन जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular