देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में आर्थिकी और पारिस्थितिकी में संतुलन स्थापित करने के लिए ‘त्रि-स्तम्भीय और नौ-सूत्रीय रणनीति कार्यक्रम’ का शुभारंभ किया है। यह कार्यक्रम नियोजन विभाग द्वारा तैयार किया गया है, जिसमें तीन प्रमुख स्तंभों पर ध्यान केंद्रित किया गया है: समुदाय सशक्तिकरण अभियान, नवाचार एवं तकनीकी अभियान, और वित्तीय स्वायत्तता एवं साक्षरता अभियान।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हमें सभी को मिलकर कार्य करना होगा। राज्य सरकार विकास के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन पर भी विशेष ध्यान दे रही है।” उन्होंने सभी विभागों से अपेक्षा की कि वे इस कार्यक्रम पर तेजी से कार्य करें और नवरात्रि के पावन पर्व पर आर्थिकी एवं पारिस्थितिकी में संतुलन बनाने का संकल्प लें।
कार्यक्रम के अंतर्गत, प्रत्येक स्तंभ के लिए तीन सूत्रीय रणनीति तैयार की गई है:
- समुदाय सशक्तिकरण अभियान:
- पारंपरिक प्रथाओं का पुनरावर्तन
- उचित उपभोग हेतु व्यवहार परिवर्तन
- युवाओं का कौशल उन्नयन
- नवाचार एवं तकनीकी अभियान:
- ग्रीन टेक्नोलॉजी को प्रोत्साहन
- तकनीकी आधारित त्वरित समाधान
- सर्कुलर इकॉनमी का अंगीकरण
- वित्तीय स्वायत्तता एवं साक्षरता अभियान:
- ग्रीन प्रैक्टिसेज का मानकीकरण
- कार्बन क्रेडिट हेतु सहभागिता
- सतत परियोजनाओं हेतु ब्रिज फंडिंग की रणनीति
मुख्यमंत्री धामी ने इस कार्यक्रम को राज्य की आर्थिकी और पारिस्थितिकी में संतुलन स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और सभी संबंधित विभागों को सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए।