Homeराज्यउत्तराखण्डनेपाल हालात पर CM धामी की उच्चस्तरीय बैठक, सीमांत जिलों की सुरक्षा...

नेपाल हालात पर CM धामी की उच्चस्तरीय बैठक, सीमांत जिलों की सुरक्षा समीक्षा और सघन चेकिंग के निर्देश l

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नेपाल में हाल ही में बने राजनीतिक हालातों को देखते हुए सीमांत जिलों चंपावत, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीमा सुरक्षा से जुड़े तमाम पहलुओं पर गहन चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नेपाल से लगी सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए और किसी भी असामाजिक या उत्पाती तत्व की गतिविधियों पर पैनी निगाह रखी जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की भी लगातार निगरानी जरूरी है ताकि किसी भी तरह की अफवाह, भ्रामक सूचना या उकसाने वाले कंटेंट पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

CM धामी ने जिला प्रशासन को केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और एसएसबी के साथ घनिष्ठ संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों, ग्राम समितियों, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों की सामूहिक भागीदारी से निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।

सीमाओं से लगे प्रवेश मार्गों की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने सीमा पार से होने वाले आवागमन पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार द्वारा जारी सभी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती भी की जाएगी।

बैठक के दौरान सीमांत क्षेत्रों की सुरक्षा चुनौतियों, सामुदायिक भागीदारी, खुफिया सूचना तंत्र की मजबूती और केंद्रीय एजेंसियों के साथ तालमेल जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, प्रमुख सचिव (गृह), एडीजी लॉ एंड ऑर्डर, एडीजी इंटेलिजेंस, कुमाऊं मंडलायुक्त, कुमाऊं परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक, तथा चंपावत, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और SSB अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular