Home राज्य उत्तराखण्ड सीएम धामी ने जन मिलन समारोह में की शिरकत , रुड़की-लक्सर मार्ग...

सीएम धामी ने जन मिलन समारोह में की शिरकत , रुड़की-लक्सर मार्ग को ‘राजा नरेंद्र मार्ग’ के नाम से घोषित किया….

रुड़की : सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज रुड़की के नगला इमरती ग्राम में पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन द्वारा आयोजित जन मिलन समारोह में पहुंचे। कार्यक्रम में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर पूरे समारोह स्थल पर शोक का माहौल देखा गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पगड़ी पहनाकर और फूल मालाओं से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड में कई विकास कार्यों को गति दी है, और देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने “लखपति दीदी योजना” का जिक्र करते हुए बताया कि इस योजना के तहत उत्तराखंड में एक लाख महिलाएं लखपति बन चुकी हैं, और आने वाले समय में सवा लाख महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य है। इसके अलावा, नकल विरोधी कानून को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य में नकल माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई की गई है, और सौ से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा जा चुका है। नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद से भर्ती परीक्षाएं सफल रही हैं, जिससे गरीब बच्चों को नौकरी प्राप्त हो रही है।

मुख्यमंत्री ने रुड़की-लक्सर मार्ग को “राजा नरेंद्र मार्ग” के नाम से घोषित करने की घोषणा भी की, जो स्थानीय जनता के लिए एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतने कम समय में मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से खानपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाओं की अनुशंसा की थी, जो स्वीकृत भी हो गई थीं। हालांकि, पूर्व प्रधानमंत्री के निधन के कारण राष्ट्रीय शोक घोषित होने पर घोषणाओं को तत्काल प्रभाव से नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि आचार संहिता खत्म होते ही वह एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन करेंगे, जिसमें इन घोषणाओं का औपचारिक रूप से शुभारंभ किया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here