Homeराज्यउत्तराखण्डदिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सपरिवार किए केदारनाथ धाम में भगवान...

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सपरिवार किए केदारनाथ धाम में भगवान शिव के दर्शन, देश-प्रदेश की मंगलकामना की….

केदारनाथ /दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की मुख्यमंत्री  रेखा गुप्ता ने आज सोमवार सुबह पवित्र केदारनाथ धाम पहुंचकर सपरिवार भगवान शिव के दिव्य दर्शन किए। इस पावन अवसर पर उन्होंने रुद्राभिषेक पूजा संपन्न की और देश, प्रदेश तथा जनकल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज प्रातः 7 बजे केदारनाथ हेलीपैड पर पहुंचीं, जहां श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) और श्री केदार सभा के पदाधिकारियों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद वे सीधे मंदिर परिसर पहुंचीं और विधिवत पूजा-अर्चना की।

पूजा संपन्न होने के बाद बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने मुख्यमंत्री को भगवान केदारनाथ का प्रसाद, रुद्राक्ष माला और विभूति भेंट स्वरूप प्रदान की। इस मौके पर मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड सरकार और मंदिर समिति द्वारा तीर्थयात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की और कहा कि केदारनाथ धाम की यात्रा अत्यंत भावविभोर करने वाली रही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान केदारनाथ के दर्शनों से आत्मिक शांति प्राप्त होती है और यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा अद्भुत है। उन्होंने इस यात्रा को अविस्मरणीय अनुभव बताते हुए कहा कि यात्रा व्यवस्था, सुरक्षा और सेवाओं का प्रबंधन अत्यंत उत्कृष्ट है।

इस शुभ अवसर पर बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, मुख्य प्रभारी अधिकारी अनिल ध्यानी, प्रभारी अधिकारी गिरीश देवली, पुजारी बागेश लिंग, धर्माधिकारी ओंकार शुक्ला, वेदपाठी स्वयंबर सेमवाल, यशोधर मैठाणी, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, उमेश पोस्ती, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, प्रमोद बगवाड़ी, प्रदीप सेमवाल, अरविंद सेमवाल, पारेश्वर त्रिवेदी, कुलदीप धर्म्वाण सहित पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular