देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में सी.एम. डैशबोर्ड ‘दर्पण 2.0’ की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागों को सीएम डैशबोर्ड से जोड़ा जाए। साथ ही सभी विभागों की गतिमान परियोजनाओं का डाटा भी अपलोड करवाया जाए। उन्होंने 15 दिन में सभी विभागों को परियोजनाओं का अपडेट पोर्टल में करने केे निर्देश दिए। प्रत्येक माह की 07 तारीख तक विभागों को पिछले माह का डाटा अपलोड करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सी.एम. हेल्पलाइन 1905 के साथ ही वे सीएम डैशबोर्ड की भी हर माह समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री ने सचिवों को निर्देश दिए कि सभी सचिव अपने विभाग की प्रत्येक माह सीएम डैशबोर्ड संबंधी बैठक करें।मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड का मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं का समाधान करना है। इस डैशबोर्ड के माध्यम से विभाग जनसमस्याओं को चिन्हित कर उनका समाधान निकालें।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि गरीबों, युवाओं व अन्नदाताओं के कल्याण और नारी सशक्तिकरण की दिशा में तेजी से कार्य किए जाएं। संबंधित विभागों द्वारा इन क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों का परिणाम धरातल पर दिखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की फ्लैगशिप स्कीम को डैशबोर्ड में अनिवार्य रूप से दर्शाया जाए।