देहरादून : 21 फरवरी, 2025 को उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने सदन की कार्यवाही का संचालन 11 घंटे 51 मिनट तक किया, जो अब तक का सबसे लंबा समय है और उनके द्वारा पहले बनाए गए रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। यह उत्तराखंड विधानसभा के इतिहास में बिना एक सेकंड का ब्रेक लिए हुए सबसे लंबी सत्र संचालन की अवधि रही है।
इससे पहले, 28 फरवरी, 2024 को ऋतु खण्डूडी भूषण ने 11 घंटे 20 मिनट तक सत्र का संचालन किया था, जो तब तक का सबसे लंबा सत्र था। अन्य उल्लेखनीय रिकॉर्ड्स में, 15 जून, 2017 को चतुर्थ विधानसभा में अध्यक्ष श्री प्रेमचंद अग्रवाल ने 4 घंटे 40 मिनट तक कार्यवाही की थी, वहीं उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने 6 घंटे 45 मिनट तक संचालन किया था। 11 जून, 2002 को पहले विधानसभा सत्र में अध्यक्ष यशपाल आर्य ने 11 घंटे 11 मिनट तक कार्यवाही की थी।
लेकिन 21 फरवरी, 2025 को हुए इस ऐतिहासिक सत्र ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए और श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण के नेतृत्व में विधानसभा ने नई ऊंचाइयों को छुआ।
सदन के संचालन के दौरान, आमतौर पर सदस्यों को विश्राम के लिए समय मिलता है क्योंकि वे विभिन्न कारणों से सदन में आते-जाते रहते हैं। लेकिन ऋतु खण्डूडी भूषण ने लगातार 8 घंटे 47 मिनट तक सत्र का संचालन किया, जो एक मिसाल बन गया। उनके इस अद्वितीय नेतृत्व ने सदन में नई ऊर्जा का संचार किया और संसदीय कार्यवाही को प्रभावी और अनुशासित बनाया।
यह भी उल्लेखनीय है कि 2022 में विधानसभा अध्यक्ष पद की शपथ लेने के बाद से उन्होंने किसी भी सत्र की कार्यवाही के दौरान एक भी ब्रेक नहीं लिया, जो उनकी कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने न केवल उत्तराखंड विधानसभा की विधायी प्रणाली में एक नया मानक स्थापित किया है, बल्कि यह अन्य विधानसभाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गया है। इस पर उत्तराखंड विधानसभा की समस्त कार्यपालिका और सदस्यगणों ने ऋतु खण्डूडी भूषण को बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।