Tuesday, March 10, 2026
Home उत्तराखण्ड अल्मोड़ा अल्मोड़ा:चार दिन में एक ही परिवार की दो बेटियों की हृदयाघात से...

अल्मोड़ा:चार दिन में एक ही परिवार की दो बेटियों की हृदयाघात से मौत

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के धौलछीना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। एक ही परिवार में चार दिन के भीतर दो जवान बेटियों की असमय मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। इन दोनों युवतियों की मौत का कारण सीने में अचानक उठा तेज दर्द यानी संभावित हृदयाघात बताया जा रहा है।

पहली घटना 17 जून को हुई, जब 23 वर्षीय कमला मेहरा को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वह बाथरूम में बेहोश होकर गिर गईं। अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई। कमला की इसी वर्ष नवंबर में शादी तय थी और घर में शादी की तैयारियों का माहौल था। चंद दिन पहले तक जहां घर में गीत-मेहंदी की चर्चा थी, अब वहां मातम पसरा है।

अभी परिवार इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि 21 जून को कमला की 19 वर्षीय भतीजी दीक्षा मेहरा की भी अचानक मौत हो गई। बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा दीक्षा इन दिनों छुट्टियों में घर आई थी। शुक्रवार को बाजार से लौटने के बाद उसे भी सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिवार वाले तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दोनों युवतियां शिक्षित, जागरूक और जीवन के सुनहरे सपने संजो रही थीं। कमला होटल व्यवसायी लाल सिंह मेहरा की बेटी थीं और दीक्षा उनके भाई महेंद्र मेहरा की पुत्री थीं। एक ही परिवार की दो बेटियों की इस तरह अचानक मौत ने गांव के हर घर को गमगीन कर दिया है।

स्थानीय लोगों के साथ-साथ चिकित्सा विशेषज्ञों के बीच भी यह गंभीर चिंता का विषय बन गया है कि आखिर कम उम्र के युवाओं में हृदय संबंधी समस्याएं इतनी तेजी से क्यों बढ़ रही हैं। यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या यह केवल एक संयोग है या किसी गहरी स्वास्थ्य समस्या का संकेत।

हाल ही में नैनीताल में भी एक युवक की रनिंग करते समय हृदय गति रुकने से मौत की खबर आई थी। कोविड-19 महामारी के बाद से देशभर में युवाओं में हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट के मामले तेजी से बढ़े हैं — जो अब स्वास्थ्य तंत्र के लिए चेतावनी बनते जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Ad 1 Ad 2