
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार की ‘ट्रेस, टेस्ट एण्ड ट्रीट’ की नीति से प्रदेश में कोविड संक्रमण के मामलों में आशानुकूल तेजी से कमी आयी है। कोरोना संक्रमण की पॉजिटिविटी दर में लगातार कमी तथा रिकवरी दर में निरन्तर वृद्धि हो रही है। उन्होंने कोरोना से बचाव और उपचार की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी वर्तमान में नियंत्रित स्थिति में हैं, लेकिन इसके प्रति अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। देश के विभिन्न राज्यों में कोविड संक्रमण के काफी मामले आ रहे हैं। ऐसे में जिन राज्यों में 03 प्रतिशत से अधिक कोरोना पॉजिटिव की दर हो उन राज्यों से उत्तर प्रदेश में आने वाले लोगों के लिए आर0टी0पी0सी0आर0 की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य की जाए, जो यात्रा प्रारम्भ होने से 04 दिन से अधिक पुरानी न हो। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कोरोना वैक्सीन की दोनांे डोज प्राप्त कर ली है, उन्हें छूट दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि रेलवे, बस स्टेशन और हवाई अड्डों पर एण्टीजन टेस्ट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री को बैठक के दौरान अवगत कराया गया कि विगत 24 घण्टों में राज्य में कोरोना संक्रमण के 56 नए मामले प्रकाश में आये हैं। इसी अवधि में 69 संक्रमित व्यक्तियों को सफल उपचार के बाद डिस्चार्ज किया गया है। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना संक्रमण के एक्टिव मामलों की संख्या 1,262 है। पिछले 24 घण्टों में प्रदेश में कुल 2,54,771 कोरोना टेस्ट किये गये। राज्य में अब तक कुल 06 करोड़ 23 लाख 71 हजार 542 कोरोना टेस्ट सम्पन्न हो चुके हैं। राज्य में कोरोना संक्रमण की रिकवरी दर 98.6 प्रतिशत है।



