उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की और प्रदेश से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। सीएम ने उत्तराखण्ड के लिए 2 एयर एंबुलेन्स और गैरसैण में आपदा प्रबन्धन शोध संस्थान की स्थापना का भी गृह मंत्री से अनुरोध किया। धामी ने नीति घाटी और नेलोंग घाटी को इनर लाईन प्रतिबंध से हटाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह से कोविड की तीसरी लहर के दृष्टिगत राज्य सरकार की तैयारियों, चार धाम यात्रा, कांवङ यात्रा पर भी विचार विमर्श किया। इसके अलावा आपदा प्रभावित गाँवों का विस्थापन एसडीआरएफ निधि के अन्तर्गत अनुमन्य किये जाने और आपदा में लापता व्यक्तियों को मृत घोषित किये जाने की स्थायी व्यवस्था स्थापित किये जाने का भी आग्रह किया। उत्तराखण्ड से नेपाल तथा चीन की सीमा लगी है, जहां स्थित गांव दुर्गम भौगोलिक परिस्थिति तथा आर्थिक अवसरों की कमी के कारण वीरान हो रहे हैं। इन क्षेत्रों में इनर लाईन प्रतिबंध हटाये जाने से पर्यटन के अपार अवसर खुलेंगे तथा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढने से वहां से पलायन रूकेगा।



